Raja Murder Case: सोनम ने अकेले तय किया 1,162 km की दूरी? वो तीन सवाल जो पुलिस के लिए बनी मिस्ट्री

Raja Raghuvanshi Murder Case: 9 जून की देर रात सोनम ने गाजीपुर के नंदगंज इलाके में एक सड़क किनारे ढाबे से अपने परिवार से संपर्क किया। उसने ढाबा मालिक के फोन से अपने भाई गोविंद को वीडियो कॉल की और बताया कि वह जिंदा है।इसके बाद गोविंद ने तुरंत राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी और शिलांग पुलिस को सूचना दी

अपडेटेड Jun 09, 2025 पर 4:57 PM
Story continues below Advertisement
Raja Murder Case: राजा मर्डर केस में वो तीन सवाल जिसके नहीं मिले जवाब

Raja Raghuvanshi Murder Case : इंदौर के राजा रघुवंशी मर्डर केस की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। 17 दिन तक मेघालय और मध्य प्रदेश की पुलिस आरोपियों की तलाश करती रही। राजा रघुवंशी मर्डर केस की मास्टरमाइंड उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी ही है, जिसे गाजीपुर से यूपी पुलिस ने पकड़ा है। वहीं, अन्य चार आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोनम रघुवंशी के अचानक सामने आने के बाद पुलिस के सामने भी कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं सोनम ने वापस आने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि उसका अपहरण कर लिया गया था और वह अपने पति की हत्या में शामिल नहीं है।

एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि रविवार, 9 जून की देर रात सोनम ने गाजीपुर के नंदगंज इलाके में एक सड़क किनारे ढाबे से अपने परिवार से संपर्क किया। उसने ढाबा मालिक के फोन से अपने भाई गोविंद को वीडियो कॉल की और बताया कि वह जिंदा है।इसके बाद गोविंद ने तुरंत राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी और शिलांग पुलिस को सूचना दी। अब पुलिस इस मामले की फिर से जांच कर रही है कि आखिर सोनम इतने दिनों तक कहां थी और क्या वाकई उसका अपहरण हुआ था। इस केस में अब ये तीन बड़े सवाल उठ रहे हैं, जिनके जवाब अबतक नहीं मिल पाए हैं।

  • शिलांग से गाजीपुर तक कैसे पहुंची सोनम?

शिलांग से गाजीपुर की दूरी करीब 1,162 किलोमीटर है। इस रूट पर कोई सीधी ट्रेन सेवा नहीं है, और अगर सड़क मार्ग से लगातार सफर किया जाए, तो इसमें करीब 25 घंटे लगते हैं।

ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि सोनम ने यह लंबा सफर कैसे तय किया? क्या वह अकेले आई या किसी की मदद से? अभी तक यह बात साफ नहीं हो पाई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।


  • सोनम गाजीपुर ही क्यों आई? 

सोनम मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि वह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जैसे छोटे शहर क्यों पहुंची? क्या उसे यहां किसी का सहारा मिला था या उसे कहीं से सुरक्षा का भरोसा मिला था? यह अब भी रहस्य बना हुआ है।

  • किसने की सोनम की मदद?

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या सोनम को शिलांग से गाजीपुर आने में किसी ने मदद की थी। राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने सीएनएन-न्यूज18 से बातचीत में बताया कि मध्य प्रदेश में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लेकिन उन्होंने साफ कहा, “सिर्फ सोनम ही बता सकती है कि वह मेघालय से उत्तर प्रदेश कैसे पहुंची।” अब पुलिस सोनम से पूछताछ कर पूरी कहानी जानने की कोशिश कर रही है।

सोनम को अब ले जाया जा रहा है शिलांग

सोनम के परिवार से संपर्क करने के बाद गाजीपुर पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया। उसका मेडिकल चेकअप करवाया गया और अब उसे पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड पर शिलांग भेजा जा रहा है। राजा रघुवंशी की शादी के कुछ ही समय बाद उनकी हत्या कर दी गई थी, जिससे उनका हनीमून एक बड़े अपराध मामले में बदल गया। यह मामला अब मेघालय, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश – तीन राज्यों में फैल गया है। सोनम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इस मामले में बड़ी कामयाबी मिलने की उम्मीद है। लेकिन अभी भी यह रहस्य बना हुआ है कि वह 17 दिनों तक कहां थी और अचानक कैसे वापस लौट आई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।