Rajasthan Protest: राजस्थान के बाड़मेर जिले में कॉलेज छात्रों का एक विरोध प्रदर्शन अब सीधे तौर पर प्रशासन बनाम छात्र की जंग में बदल गया है। परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बाड़मेर की जिला कलेक्टर और चर्चित आईएएस अधिकारी टीना डाबी पर निशाना साधते हुए उन्हें 'रील स्टार' कह दिया। छात्रों का आरोप है कि इस टिप्पणी के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और उनके साथ बदसलूकी की गई। वहीं, टीना डाबी और पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे केवल सोशल मीडिया पर पब्लिसिटी पाने का जरिया बताया है।
'रोल मॉडल' बनाम 'रील स्टार'
यह पूरा घटनाक्रम शनिवार को महाराणा भूपाल कन्या महाविद्यालय के बाहर शुरू हुआ। एबीवीपी से जुड़े छात्र परीक्षा फीस कम करने की मांग को लेकर कलेक्टर टीना डाबी से मिलना चाहते थे। छात्रों के अनुसार, जब एक अधिकारी ने टीना डाबी को 'रोल मॉडल' बताया, तो प्रदर्शनकारी छात्र भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेक्टर उनकी समस्या सुनने के बजाय सोशल मीडिया और रील बनाने में ज्यादा व्यस्त रहती हैं। इसी दौरान कुछ छात्रों ने उन्हें 'रील स्टार' कहकर संबोधित किया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
'कोई गिरफ्तारी नहीं हुई': पुलिस
छात्रों ने दावा किया कि विरोध प्रदर्शन के बाद उनके कुछ साथियों को पुलिस ने जबरन हिरासत में ले लिया, जिसके विरोध में छात्र थाने के बाहर जमा हो गए। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मनोज कुमार ने इन दावों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि स्थिति को शांत करने के लिए चार छात्रों को केवल थाने ले जाया गया था और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। कलेक्टर टीना डाबी ने भी लिखित बयान जारी कर कहा कि 'किसी को गिरफ्तार या हिरासत में नहीं लिया गया है। फीस का मुद्दा सुलझने के बाद भी कुछ लोग सड़क जाम कर अशांति फैला रहे थे। यह मामला केवल सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के लिए उछाला जा रहा है।'
एबीवीपी ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया है। छात्र संगठन का कहना है कि अपनी राय रखना कोई अपराध नहीं है और प्रशासन को छात्रों की आवाज दबानी नहीं चाहिए। इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ब्यूरोक्रेट्स पर असहिष्णुता और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया बनाम जमीनी हकीकत
टीना डाबी देश की सबसे लोकप्रिय आईएएस अधिकारियों में से एक हैं। उन्होंने 22 साल की उम्र में अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी टॉप किया था। उनकी सोशल मीडिया पर जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। अक्सर उनके रील या वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते है। हालांकि, अब यही लोकप्रियता उनके लिए विवाद का कारण बन रही है।