Ram temple CEO job: क्या आप जनेऊ पहनते हैं, नॉन-वेज खाते हैं? राम मंदिर CEO के इंटरव्यू में पूछे गए ये सवाल, 18 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट

Ram temple CEO job interview: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के तीन पूर्व अधिकारियों, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक पूर्व अधिकारी और चार पूर्व सैन्य अधिकारियों समेत कई उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया है

अपडेटेड Aug 12, 2026 पर 9:30 AM
Ram temple CEO job interview: सूत्रों ने बताया कि राम मंदिर के CEO पोस्ट के लिए 18 उम्मीदवार शॉर्ट लिस्ट हुए हैं

Ram temple CEO job interview: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित भव्य राम मंदिर के प्रशासन की जिम्मेदारी संभालने वाले अगले व्यक्ति के चयन के लिए हुए इंटरव्यू में सिर्फ प्रशासनिक अनुभव, बजट प्रबंधन और मंदिर संचालन से जुड़े सवाल ही नहीं पूछे गए। इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों से उनकी धार्मिक आस्था, खान-पान और निजी जीवन से जुड़े सवाल भी किए गए। सूत्रों ने बताया कि 40 से 50 मिनट तक चले इन इंटरव्यू में आवेदकों की भगवान राम में आस्था और जनेऊ पहनने, शाकाहारी भोजन करने, शराब पीने सहित हिंदू धार्मिक रीति-रिवाजों के बारे में सवाल पूछे गए।

18 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पहली बार मंदिर के लिए एक फुल-टाइम CEO नियुक्त करने जा रहा है। सूत्रों ने इंडिया टीवी को बताया कि इसके लिए देशभर से आए 5,300 से अधिक आवेदनों में से 18 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन उम्मीदवारों से इंटरव्यू के दौरान प्रशासनिक क्षमता के साथ-साथ उनकी धार्मिक मान्यताओं और व्यक्तिगत आदतों के बारे में भी जानकारी ली गई।


क्या-क्या पूछे गए सवाल?

सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवारों से पूछा गया कि क्या वे शिखा रखते हैं? क्या जनेऊ पहनते हैं और क्या वे खुद को पक्का या कट्टर हिंदू मानते हैं? इसके अलावा उनसे यह भी पूछा गया कि वे पूरी तरह शाकाहारी हैं या मांसाहारी खाना खाते हैं। कुछ उम्मीदवारों से शराब के सेवन को लेकर भी सवाल किए गए। इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों की धार्मिक आस्था और भगवान राम के प्रति उनकी श्रद्धा को भी परखा गया। उनसे यह जानने की कोशिश की गई कि वे राम मंदिर के धार्मिक और सामाजिक महत्व को किस तरह समझते हैं।

निजी जिंदगी से लेकर पसंद-नापसंद तक सवाल

उम्मीदवारों से इंटरव्यू से पहले एक Google फॉर्म भी भरवाया गया था। इसमें उनके प्रशासनिक अनुभव के अलावा धार्मिक विश्वास और निजी जीवन से संबंधित डिटेल्स जानकारी मांगी गई है। इंटरव्यू पैनल ने उम्मीदवारों के CV में दी गई जानकारी को भी विस्तार से देखा और उनकी पसंद-नापसंद, व्यवहार, लोगों के साथ संवाद करने की क्षमता और नेतृत्व कौशल से जुड़े सवाल किए। इस दौरान बड़े धार्मिक आयोजनों में भारी भीड़ को संभालने के उनके अनुभव पर भी चर्चा हुई। उम्मीदवारों से यह पूछा गया कि उन्होंने अपने पिछले पदों पर बड़े स्तर की भीड़, प्रशासनिक चुनौतियों और जटिल परिस्थितियों को किस तरह संभाला?

CEO के लिए कैसी शर्तें?

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ट्रस्ट ने इस पद के लिए कुछ विशेष मानदंड तय किए हैं। चयनित उम्मीदवार के हिंदू परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं का पालन करने वाला होने की अपेक्षा है। रिपोर्ट के मुताबिक, उम्मीदवार का सख्त शाकाहारी और शराब से पूरी तरह दूर रहने वाला होना भी चयन की शर्तों में शामिल है। CEO पद के लिए उम्र सीमा 50 से 70 साल रखी गई है।

पहली बार नियुक्त होगा फुल-टाइम CEO

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पहली बार मंदिर के लिए फुल-टाइम CEO नियुक्त करने जा रहा है। यह नियुक्ति ऐसे समय हो रही है जब मंदिर से जुड़े कैश, सोने और अन्य चढ़ावे की कथित चोरी और गबन का मामला सामने आया है। नए CEO की जिम्मेदारी मंदिर के प्रशासन और सुविधाओं के संचालन के साथ-साथ मंदिर से जुड़े कारोबार और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करना होगी।

बंद कमरे में हुए इंटरव्यू

CEO पद के लिए चयन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हुई। पहले दिन 10 उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए गए। जबकि बाकी उम्मीदवारों के इंटरव्यू बुधवार को होने की उम्मीद है। इंटरव्यू राम मंदिर परिसर के उत्तरी हिस्से में स्थित एक ग्रीनहाउस में बंद दरवाजों के पीछे हुए। पूरी चयन प्रक्रिया के दौरान गोपनीयता बनाए रखी गई। चयन समिति में पूर्व जज प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) विष्णुकांत चतुर्वेदी और शिरडी साईं बाबा ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एवं वैज्ञानिक सुरेश हावरे शामिल हैं।

इंटरव्यू सुबह 9 बजे शुरू हुए। पहला सत्र दोपहर 12 बजे तक चला। जबकि दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक हुआ। प्रत्येक उम्मीदवार से करीब 25 से 30 मिनट तक बातचीत की गई। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन भी चयन समिति के साथ इंटरव्यू के दौरान मौजूद रहे। राम मंदिर CEO पद के लिए देशभर से 5,300 से अधिक आवेदन मिले थे। इनमें से 18 उम्मीदवारों को फाइनल चुना गया।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर के 10000 पढ़े-लिखे युवाओं को प्राइवेट नौकरी दिलाएंगे प्रशांत किशोर, आपको करना होगा ये काम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।