गुरुवार, 22 जनवरी 2026 को अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रामलला प्रतिष्ठा दिवस मनाया जाएगा। ये दिन श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के रूप में विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचेंगे और भगवान राम के बाल रूप की भक्ति और पूजा-अर्चना करेंगे। हिंदू धर्म में भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में पूजा जाता है। उन्हें धर्म, कर्तव्य और नैतिक आदर्शों का प्रतीक माना जाता है। भक्त अक्सर उन्हें शारंग धनुष-बाण धारण किए हुए योद्धा के रूप में देखते हैं, तो वहीं कई श्रद्धालु उनका बाल रूप रामलला के रूप में पूजते हैं।
