IMD Heat Wave Alert: यूपी, MP और विदर्भ में प्रचंड लू का रेड अलर्ट, मौसम विभाग ने बताया कहां कहां दिखेगा हीटवेव का कहर

IMD Heat Wave Alert: उत्तर और मध्य भारत समेत देश के एक बड़े हिस्से में इस समय सूरज आग उगल रहा है। आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाले थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इसी बीच, IMD ने आज अपने वेदर बुलेटिन में देश के कई राज्यों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है।

अपडेटेड May 22, 2026 पर 12:53 PM
Story continues below Advertisement
यूपी, MP और विदर्भ में प्रचंड लू का रेड अलर्ट, मौसम विभाग ने बताया कहां कहां दिखेगा हीटवेव का कहर

IMD Heat Wave Alert: उत्तर और मध्य भारत समेत देश के एक बड़े हिस्से में इस समय सूरज आग उगल रहा है। आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाले थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इसी बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज अपने वेदर बुलेटिन में देश के कई राज्यों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में प्रचंड लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

यानी इन राज्यों में आज गर्मी अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ने पर आमादा है। अगर आप भी अगले कुछ दिनों में घर से बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो आईएमडी का यह ताजा वेदर अपडेट आपको चेक कर लेना चाहिए। आइए विस्तार से जानते हैं कि आज और आने वाले दिनों में आपके राज्य में हीटवेव का कैसा कहर दिखने वाला है।

इन तीन राज्यों में रेड अलर्ट, यहां बरसेगी सबसे ज्यादा आग


मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ के लिए सबसे खतरनाक यानी रेड अलर्ट जारी किया है। यहां हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव यानी प्रचंड लू की स्थिति बनी रहेगी।

उत्तर प्रदेश: पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज से लेकर 27 मई तक भीषण लू का प्रकोप बना रहेगा। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी आज से 27 मई के दौरान लगातार लू का कहर लोगों को झुलसाएगा।

मध्य प्रदेश और विदर्भ: पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में आज से लेकर 25 मई तक भीषण से अति भीषण लू चलने की प्रबल आशंका है। इसके बाद 26 और 27 मई को भी पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी।

दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और चंडीगढ़: मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में आज से लेकर 27 मई तक लगातार लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी।

इन राज्यों में भी दिखेगा हीटवेव का भयंकर कहर

रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले राज्यों के अलावा देश के कई अन्य सूबों में भी आज सूरज के तेवर बेहद तल्ख रहने वाले हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज इन राज्यों में भी हीटवेव चलेगी-

पंजाब और राजस्थान: पंजाब में आज से लेकर 27 मई तक लगातार लू की स्थिति बनी रहेगी। पूर्वी राजस्थान में आज से 27 मई तक लू का प्रकोप रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में आज से 24 मई तक लू चलेगी। यहां आगे चलकर 25 से 27 मई के बीच भीषण लू का असर देखने को मिलेगा। इसके अलावा आज हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी कुछ जगहों पर लू की स्थिति देखी जा सकती है।

बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़: बिहार और तेलंगाना में आज से लेकर 24 मई तक लू का सितम जारी रहेगा। झारखंड में आज और कल (22 व 23 मई) लू का असर दिखेगा, जबकि छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में भी आज भारी गर्मी और लू चलेगी।

ओडिशा, आंध्र और तमिलनाडु: तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में आज से 25 मई तक भीषण लू का अलर्ट है। ओडिशा में भी आज से 25 मई तक और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में आज (22 मई) लू का कहर देखने को मिलेगा।

दिन में लू और रात में वॉर्म नाइट का डबल अटैक

इस बार की गर्मी सिर्फ दिन में ही नहीं बल्कि रात में भी चैन छीनने वाली है। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में वॉर्म नाइट यानी बेहद गर्म रातें होने का पूर्वानुमान जताया है। आज दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कई इलाकों में रात का तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा रहेगा, जिससे लोगों को रात में भी गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा ओडिशा में आज से 25 मई तक और बिहार व उत्तर प्रदेश में आज रात के समय भी भीषण उमस भरी गर्मी और गर्म रात की स्थिति बनी रहेगी।

बंगाल और ओडिशा में उमस करेगी बेहाल

मैदानी इलाकों में सूखी और गर्म हवाओं के बीच देश के तटीय और पूर्वी हिस्सों में उमस वाली गर्मी आफत बनने जा रही है-

गंगा तटीय पश्चिम बंगाल: यहां आज और कल तक मौसम बेहद गर्म और उमस भरा रहने वाला है। यह स्थिति आगे भी 26 मई तक बनी रह सकती है।

ओडिशा और तमिलनाडु: ओडिशा में आज से लेकर 27 मई तक और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में 23 मई से 27 मई के दौरान हवा में नमी के कारण अत्यधिक चिपचिपी और उमस भरी गर्मी लोगों को पसीने-पसीने करेगी।

यह भी पढ़ें: आज का मौसम 22 मई: इन राज्यों में 50-60kmph स्पीड वाला अंधड़ तूफान, IMD ने बताया कहां होगी भारी बारिश और कहां चलेगी हीटवेव

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।