चिंता न करें, भारत के पास ईंधन का पर्याप्त भंडार, नहीं हो रही पेट्रोल-डीजल की कमी; IOCL, HPCL, BPCL ने दिलाया भरोसा

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के ये बयान वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव के बाद ग्लोबल एनर्जी सप्लाई की चिंताओं के बीच आए हैं। इन कंपनियों ने कहा है कि देश का फ्यूल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क बिना किसी रुकावट के काम कर रहा है

अपडेटेड Mar 07, 2026 पर 9:14 AM
पेट्रोलियम कंपनियों ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी खबरें बेबुनियाद हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि भारत में पेट्रोल और डीजल की कमी हो रही है। यह बात इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने कही है। यह भी कहा कि देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक है और सप्लाई सिस्टम ठीक से काम कर रहे हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के ये बयान वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव के बाद ग्लोबल एनर्जी सप्लाई की चिंताओं के बीच आए हैं।

लड़ाई का मौजूदा दौर 28 फरवरी 2026 को शुरू हुआ, जब ईरान पर US और इजराइल ने हमले कर दिए। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई और इस्लामिक रिपब्लिक के दूसरे बड़े लोग मारे गए। इसके बाद ईरान ने भी जवाब देते हुए मिसाइल और ड्रोन से इजराइल पर हमले कर दिए। साथ ही मध्यपूर्व के कई देशों में भी अमेरिकी मिलिट्री बेस और इजराइल से जुड़े एसेट्स को निशाना बनाकर हमले किए। इन घटनाओं से ग्लोबल ऑयल सप्लाई में, खासकर होर्मुज स्ट्रेट के आसपास, संभावित रुकावटों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

फ्यूल की कमी को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह निराधार


IOCL ने X पर एक पोस्ट में कहा कि देश का फ्यूल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क बिना किसी रुकावट के काम कर रहा है। लिखा है, 'सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं। भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सप्लाई व डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं। इंडियन ऑयल निर्बाध ईंधन आपूर्ति बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नागरिकों को आश्वस्त किया जाता है कि किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। कृपया पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।'

BPCL और HPCL ने भी दिलाया भरोसा

BPCL ने भी X पर पोस्ट में कहा है, 'होर्मुज स्ट्रेट को लेकर पेट्रोल और डीजल की सप्लाई प्रभावित होने की सोशल मीडिया अफवाहें भ्रामक हैं। भारत में पर्याप्त ईंधन भंडार उपलब्ध है और किसी भी शॉर्ट टर्म वैश्विक व्यवधान का सामना करने की पूरी व्यवस्था है। BPCL लगातार फ्यूल की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है। कृपया अफवाहों पर भरोसा न करें या फ्यूल स्टेशनों की ओर न भागें।'

HPCL ने X पर पोस्ट में कहा है, 'कुछ स्थानों पर पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। देशभर में ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है। HPCL अपने पूरे रिटेल नेटवर्क के माध्यम से सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि घबराहट में पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।'

आम आदमी को झटका, घरेलू LPG सिलेंडर ₹60 महंगा हुआ; कमर्शियल सिलेंडर का दाम और ₹115 बढ़ा

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज कितना महत्वपूर्ण रूट

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित एक अत्यंत संकरा और रणनीतिक समुद्री मार्ग है। यह ईरान और ओमान/यूएई के बीच स्थित है। दुनिया के कच्चे तेल का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। भारत अपने कच्चे तेल का लगभग 40% मिडिल ईस्ट से इंपोर्ट करता है। इस सप्लाई का ज्यादातर हिस्सा होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरता है। इसके कारण कोई भी क्षेत्रीय लड़ाई भारत की एनर्जी सिक्योरिटी के लिए एक संभावित खतरा बन जाती है। सरकार ने अंदाजा लगाया है कि अगर होर्मुज स्ट्रेट में कोई दिक्कत आती है तो भारत दूसरे इलाकों से सप्लाई बढ़ा सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।