Rising Bharat Summit 2025: 'हम दुनिया में सबसे सस्ती LPG उपलब्ध कराते हैं': रसोई गैस सिलेंडर के बढ़े दाम पर बोले हरदीप पुरी

News18 Rising Bharat Summit 2025: नई दिल्ली के 'भारत मंडपम' में आयोजित 'न्यूज 18 राइजिंग भारत समिट 2025' को संबोधित करते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पेट्रोल-डीजल और LPG सिलेंडर की कीमतों के बारे में बात की। पेट्रोल की खुदरा कीमतों पर उन्होंने कहा कि लंबे समय से दाम स्थिर हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से आम नागरिक पर बोझ न पड़े, इसका पूरा ख्याल रखा गया है

अपडेटेड Apr 08, 2025 पर 2:49 PM
Story continues below Advertisement
News18 Rising Bharat Summit 2025: हरदीप पुरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और गैर-बीजेपी राज्यों के बीच ईंधन की कीमतों में बहुत बड़ा अंतर है

News18 Rising Bharat Summit 2025: न्यूज 18 के कार्यक्रम 'राइजिंग भारत समिट 2025' में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार (8 अप्रैल) को कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे सस्ता कुकिंग गैस मुहैया कराने वाला देश है। नई दिल्ली के 'भारत मंडपम' में आयोजित 'न्यूज 18 राइजिंग भारत समिट 2025' को संबोधित करते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री पुरी ने पेट्रोल-डीजल और LPG सिलेंडर की कीमतों के बारे में खुलकर बात की। पेट्रोल की खुदरा कीमतों पर उन्होंने कहा कि लंबे समय से दाम स्थिर हैं।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से आम नागरिक पर बोझ न पड़े, इसका पूरा ख्याल रखा गया है। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि भारत में एलपीजी कनेक्शनों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, जो 2014 में 14 करोड़ से बढ़कर वर्तमान में 31 करोड़ हो गई है। उन्होंने कहा कि देश अब दुनिया की सबसे सस्ती रसोई गैस प्रदान करता है। उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी की लागत केवल 5 रुपये प्रति दिन है। जबकि गैर-उज्ज्वला उपभोक्ताओं के लिए 14 रुपये प्रति दिन है।

उन्होंने आगे कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब और ग्रामीण परिवारों को जोड़ा गया। हालांकि मंत्री ने दावा किया कि इस योजना को लागू करने वाली कंपनियों को घाटा उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि फिर भी सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि गरीब तक LPG सिलेंडर पहुंचे और खाना पकाने के लिए स्वच्छ ईंधन उपलब्ध हो।


पुरी ने यह भी कहा कि एलपीजी कनेक्शनों की संख्या अब 33 करोड़ तक पहुंच चुकी है, जो सरकार की एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। पेट्रोल की खुदरा कीमतों पर उन्होंने कहा, "लंबे समय से दाम स्थिर हैं। सरकार की ओर से आम नागरिक पर बोझ न पड़े, इसका पूरा ख्याल रखा गया है।"

देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए केंद्रीय मंत्री पुरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और गैर-बीजेपी राज्यों के बीच ईंधन की कीमतों में बहुत बड़ा अंतर है। वहीं, इस दौरान दुनिया भर में जारी ट्रेड वॉर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हम विजेता बनकर उभरेंगे।

सरकार ने सोमवार को घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर और CNG की कीमत में एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी करने के साथ ही अपना राजस्व बढ़ाने के लिए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क भी दो रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिया। हालांकि, पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों पर उत्पाद शुल्क में वृद्धि का कोई असर नहीं होगा।

रसोई गैस की कीमत में बढ़ोतरी उज्ज्वला योजना के तहत लाभान्वित गरीबों और सामान्य उपयोगकर्ताओं दोनों के लिए होगी। हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि गैस कीमतों में 50 रुपये की वृद्धि 8 अप्रैल से प्रभावी होगी। मूल्यवृद्धि के बाद उज्जवला उपयोगकर्ताओं के लिए रसोई गैस की कीमत राष्ट्रीय राजधानी में 503 रुपये से बढ़कर 553 रुपये प्रति सिलेंडर हो जाएगी।

ये भी पढ़ें- VIDEO: 'PM मोदी के साथ काम करना ट्रेडमिल पर चलने जैसा है': जानें- ऐसा क्यों बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया

वहीं, सामान्य उपभोक्ताओं के लिए अब 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस वाले सिलेंडर की कीमत 853 रुपये हो जाएगी। रसोई गैस की कीमतें स्थानीय करों के आधार पर अलग-अलग राज्यों में भिन्न-भिन्न हैं। पिछली बार मार्च, 2024 में इनमें 100 रुपये की कटौती की गई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।