Rising Bharat Summit 2026: 'होली पर मुफ्त में मिलेगा LPG सिलेंडर...आएगी नई EV पॉलिसी', CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान

Rising Bharat Summit 2026: सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सरकार खास तौर पर वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि राजधानी में बड़े स्तर पर इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा तैयार किया गया है, जो प्रदूषण कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है

अपडेटेड Feb 28, 2026 पर 8:52 PM
Story continues below Advertisement
न्यूज18 राइजिंग भारत समिट 2026 जारी है।

न्यूज18 राइजिंग भारत समिट 2026 जारी है। शनिवार, 28 फरवरी को इस समिट का दूसरा दिन है। वहीं इस समिट में शनिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जिन लोगों ने 11 साल तक शासन किया, वही अब एक साल बाद उनकी सरकार से सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एक साइंटिफिक और प्लान के मुताबिक रोडमैप के तहत काम कर रही है।

दिल्ली के प्रदूषण पर कही ये बात

सीएम रेखा गुप्ता के अनुसार, दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सरकार खास तौर पर वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि राजधानी में बड़े स्तर पर इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा तैयार किया गया है, जो प्रदूषण कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने यह भी कहा कि निजी वाहन मालिकों को स्वच्छ ईंधन और नई तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिल्ली के लिए नई इलेक्ट्रिक वाहन (EV) नीति जल्द लाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकार तय योजना के अनुसार काम कर रही है। इसी कड़ी में दिल्ली के रिज क्षेत्र को जंगल के रूप में वर्गीकृत किया गया है, जो पहले किसी सरकार ने नहीं किया था।


होली पर मिलेंगे गैस सिलेंडर

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ने लोगों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन की शुरुआत की है, जहां केवल 5 रुपये में खाना दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस होली पर महिलाओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने राजधानी के विकास के लिए प्राथमिकताओं की एक सूची तैयार की है। इसके तहत दिल्लीवासियों को सबसे पहले पानी की पाइपलाइन और बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की योजना भी बनाई जा रही है। इसके लिए पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार की जा रही है, ताकि जरूरतमंद महिलाओं तक सहायता पहुंच सके। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया एक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसी तरह की गड़बड़ी या लाभ से वंचित रहने की स्थिति न हो। उन्होंने ने यह भी कहा कि दिल्ली में सरकार के तीनों स्तरों पर एक ही पार्टी की सरकार होना सकारात्मक है, क्योंकि इससे काम का श्रेय लेने को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं होता और विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ते हैं।

यमुना सफाई सरकार कर रही काम

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार यमुना नदी की सफाई के लिए लगातार काम कर रही है। इसके तहत राजधानी के सभी नालों की ड्रोन मैपिंग कराई गई है और बंद पड़े सभी 35 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) को दोबारा चालू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सीवेज प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए डीसेंट्रलाइज्ड एसटीपी स्थापित करने हेतु टेंडर भी जारी किए गए हैं। साथ ही, सत्ता में आने के बाद दिल्ली का पहला बायोगैस प्लांट भी स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के साथ आगे बढ़ेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।