News18 Rising Bharat Summit : भारत अब किसी के रोके नहीं रुकेगा। भारत से पूरी दुनिया को उम्मीद है। देश को 2047 तक नई ऊंचाई पर ले जाने का संकल्प है। स्पेस सेक्टर की तर्ज पर देश में निजी सेक्टर के लिए न्यूक्लियर सेक्टर को भी खोला जाएगा। वक्फ संशोधन बिल सामाजिक न्याय के लिए उठाया गया एक बड़ा और कठोर कदम है। ये बातें प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूज 18 के दिल्ली में हो रहे राइजिंग इंडिया समिट में कही हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि चुनौतियों में भारत ने डबल स्पीड से दौड़ लगाई है। अब फास्ट एंड फियरलेस इंडिया दिख रहा है। भारत का दुनिया की तीसरी बड़ी इकोनॉमी बनना तय है।
न्यूज18 के राइजिंग इंडिया समिट में बोलते हुए पीएम मोदी ने देश की इकोनॉमी को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भारत अब ना रुकने वाला है ना उसकी रफ्तार कम होने वाली है। भारत का दुनिया की तीसरी बड़ी इकोनॉमी बनना तय है और पूरी दुनिया आज भारत की तरफ देख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि देश के स्पेस सेक्टर की तरह न्यूक्लियर सेक्टर को भी खोला जाएगा। भारत अब झुकने और थमने वाला नहीं है। इनोवेशन को अब सीमा नहीं समर्थन मिलेगा। इंक्लूसिविटी इज ए पॉलिसी , जो पहले इनविजिबल थे अब नीतियों के केंद्र में हैं।
2035 तक होगा भारत का अपना स्पेस स्टेशन
न्यूज18 राइजिंग भारत समिट में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि 2035 तक भारत का अपना स्पेस स्टेशन होगा। 2040 तक एक भारतीय के कदम चांद पर होंगे। भारत की स्पेस टेक्नोलॉजी तेजी से आगे बढ़ रही है। डॉ. सिंह ने कहा, ‘भारत की स्पेस टेक्नोलॉजी तेजी से आगे बढ़ रही है। चंद्रयान और गगनयान मिशन के बाद हमारा अगला बड़ा लक्ष्य यही है कि 2040 तक एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री चांद पर कदम रखे।’
डॉ. जितेंद्र सिंह ने राइजिंग भारत समिट में बोलते हुए यह भी कहा कि 1947 का भारत-पाकिस्तान विभाजन ‘दुनिया के इतिहास की सबसे बड़ी भूल’ है। उन्होंने कहा कि भारत का बंटवारा एक ऐसी ऐतिहासिक चूक थी, जिसकी कीमत देश ने दशकों तक चुकाई है और आज भी चुका रहा है। जितेंद्र सिंह ने यहां कहा, ‘भारत का विभाजन केवल एक भौगोलिक बंटवारा नहीं था, बल्कि यह एक सांस्कृतिक, सामाजिक और भावनात्मक चोट थी, जो आज भी हमारे समाज की चेतना में गूंजती है।’