Priyank Kharge RSS Row: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर टिप्पणी को लेकर कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं के बीच सोमवार (16 फरवरी) को तीखी बहस हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। खड़गे ने आरएसएस पर मनी लॉन्ड्रिंग में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए इसकी आय के स्रोत पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था, "आरएसएस का 2,500 से अधिक संगठनों का नेटवर्क है… ये लोग उनसे पैसे लेते हैं। मैं बता रहा हूं कि ये लोग मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल हैं।" खड़गे ने पूछा कि संगठन अनरजिस्टर्ड क्यों है? क्या यह कानून या संविधान से ऊपर है।
इस बयान पलटवार करते हुए BJP के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने X पर एक पोस्ट में कहा, "मंत्री प्रियांक खड़गे पहले यह सुनिश्चित करें कि कांग्रेस पार्टी का रजिस्ट्रेशन कैंसिल न हो, जिसकी अध्यक्षता आपके पिता कर रहे हैं। जो राजनीतिक मानचित्र से अपना अस्तित्व खोने के कगार पर है। उसके बाद ही अन्य के रजिस्ट्रेशन की चिंता करें।"
क्षेत्रीय विकास के मुद्दे पर मंत्री को निशाना बनाते हुए विजयेंद्र ने कहा कि खड़गे परिवार ने कल्याण-कर्नाटक को भारत के मानचित्र पर सबसे पिछड़े क्षेत्रों में से एक बनाने के अलावा कुछ भी योगदान नहीं दिया है। शिकारीपुरा से विधायक ने पूछा, "मंत्री बनने के बाद प्रियांक खड़गे ने कल्याण-कर्नाटक के विकास में क्या योगदान दिया है।"
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर अशोक ने भी मंत्री पर हमला करते हुए कहा, "कल्याण-कर्नाटक की जनता के आशीर्वाद से चार दशकों तक सत्ता का आनंद लेते हुए विकास के मामले में 'कल आना' का बोर्ड लगाकर बैठे रहने वाले कल्याण-कर्नाटक की जनता के साथ विश्वासघात करने वाले लोग ज्यादा दिन नहीं टिकेंगे... हिसाब का दिन दूर नहीं है।"
अशोक ने आगे कहा, "आरएसएस को गाली देना आसमान पर थूकने जैसा है।" वहीं, BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, "प्रियांक खड़गे को कर्नाटक का राहुल गांधी राज्य का 'भाई-भतीजावाद का बच्चा' कहा जा रहा है। राहुल गांधी को इम्प्रेस करने के लिए वह RSS के बारे में दिए गए बयानों की तरह ही लाइमलाइट पाने के लिए बयान देते हैं।"
वहीं, सोमवार को इसका जवाब देते हुए प्रियांक खड़गे ने अपनी टिप्पणियों का बचाव किया। उन्होंने कल्याण-कर्नाटक के मुद्दे पर बीजेपी के आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा, "कल्याण-कर्नाटक एक पिछड़ा क्षेत्र है। यदि आप यह समझ पाते कि इस क्षेत्रीय असंतुलन के ऐतिहासिक और भौगोलिक कारण हैं, तो BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार आर्टिकल 371जे के तहत विशेष दर्जा देने से इनकार नहीं करती।"
खड़गे ने पूछा, "BJP में इस पिछड़े क्षेत्र को आगे बढ़ाने की इच्छाशक्ति की कमी क्यों है? आपकी सरकार के कार्यकाल में केकेआरडीबी का आवंटन क्यों कम हो गया?" उन्होंने विजयेंद्र पर भी निशाना साधते हुए कहा, "क्या आपके पिता बी.एस. येदियुरप्पा चार बार मुख्यमंत्री नहीं रहे थे? शिवमोग्गा का विकास सिंगापुर की तरह क्यों नहीं हुआ?"
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "सांप्रदायिकता रोधी कार्यबल का गठन रंगोली डिजाइन बनाने के लिए नहीं, बल्कि सांप्रदायिक संघर्षों को रोकने और शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए किया गया था।" वहीं, BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, "प्रियांक खड़गे को कर्नाटक का राहुल गांधी, राज्य का 'भाई-भतीजावाद का बच्चा' कहा जा रहा है। राहुल गांधी को इम्प्रेस करने के लिए, वह RSS के बारे में दिए गए बयानों की तरह ही लाइमलाइट पाने के लिए बयान देते हैं।"