Saurabh Rajput Murder Case : पूरे देश को हिलाकर रख देने वाले सौरभ हत्याकांड इस समय फिर चर्चा में है। इस बार चर्चा की वजह सौरभ हत्याकांड में आरोपी मुस्कान रस्तोगी की एक मांग है। जेल में बंद 28 वर्षीय मुस्कान रस्तोगी ने जेल प्रशासन से कानून की पढ़ाई करने की अनुमति मांगी है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्कान अपने मौजूदा वकील से संतुष्ट नहीं हैं और अब कोर्ट में अपना केस खुद लड़ना चाहती हैं। जेल के एक अधिकारी ने बताया कि मुस्कान ने यह बात जेल प्रशासन को लिखित में दी है। वह चाहती हैं कि उन्हें कानून की पढ़ाई की सुविधा दी जाए ताकि वह अदालत में खुद अपनी बात रख सकें।
मुस्कान रस्तोगी और उनके साथी साहिल शुक्ला पर 35 वर्षीय सौरभ राजपूत की हत्या का आरोप है। 18 मार्च को सौरभ का शव मेरठ स्थित उनके घर में एक नीले प्लास्टिक के ड्रम में सीमेंट से सील किया हुआ मिला था। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद मुस्कान और साहिल हिमाचल प्रदेश घूमने चले गए थे लेकिन लौटने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी और अब वे चौधरी चरण सिंह जिला जेल में बंद हैं।
जेल में पढ़ाई करना चाहती है मुस्कान रस्तोगी
मेरठ जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी ने अब अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू करने की इच्छा जताई है। अधिकारियों के मुताबिक, मुस्कान ने कक्षा 8 के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और उनके पास 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) का सर्टिफिकेट नहीं है, जो भारत में कानून की पढ़ाई (एलएलबी) के लिए ज़रूरी है। अब जेल प्रशासन इस बात पर विचार कर रहा है कि कैसे मुस्कान की शिक्षा को दोबारा शुरू किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) जेल के अंदर भी पढ़ाई की सुविधा देता है। अगर मुस्कान 12वीं की पढ़ाई पूरी कर लेती हैं, तो बाद में एलएलबी कोर्स में दाखिला ले सकती हैं।
जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया, “मुस्कान के जेल में आने के बाद से अब तक उसका कोई भी परिवार सदस्य मिलने नहीं आया है, जबकि साहिल से उसकी नानी और भाई मिलने आए थे। अब मुस्कान ने कानून की पढ़ाई में रुचि दिखाई है। अगर वह पढ़ाई करना चाहती है तो हम उसे हर संभव मदद देंगे।”
पुलिस ने दाखिल की 1000 पन्नों की चार्जशीट
मेरठ में सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में पुलिस ने मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला के खिलाफ लगभग 1000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट सौरभ के अवशेष मिलने के 69 दिन बाद तैयार की गई। इसमें परिवार, होटल स्टाफ और पुलिस सहित 34 गवाहों के बयान शामिल हैं। मुस्कान रस्तोगी के माता कविता रस्तोगी और पिता प्रमोद रस्तोगी – ने भी बेटी के खिलाफ गवाही दी, जिसे चार्जशीट में जोड़ा गया है।
इससे पहले जेल में हुई एक नियमित मेडिकल जांच में पता चला कि मुस्कान, प्रग्नेंट है। मामले की शुरुआत 24 फरवरी से होती है, जब सौरभ राजपूत मेरठ लौटा था। आरोप है कि 3 मार्च को मुस्कान और साहिल ने मिलकर सौरभ की चाकू से हत्या कर दी। इसके बाद शव के टुकड़े कर उसे बाथरूम में छिपा दिया गया। गंध को दबाने के लिए शव को सीमेंट से भरे एक नीले ड्रम में रखा गया था।