महाराष्ट्र के पुणे से बुधवार को एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया है। पुणे के सिंहगढ़ रोड इलाके में एक सात साल के बच्चे की मौत लिफ्ट में फंसने के कारण हो गई है। जानकारी के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में ये दर्दनाक हादसा हुआ, वो इमारत करीब 25 साल पुरानी थी। बच्चे की मौत लिफ्ट के लकड़ी के दरवाज़े और जालीदार ग्रिल के बीच फंसने के बाद हुई। पुलिस ने बताया कि लड़के का नाम शिवांश धूत था।
सामने आई जानकारी के मुताबिक, ये दर्दनाक हादसा सिंहगढ़ रोड के निंबाजनगर स्थित रिद्धि सिद्धि अपार्टमेंट में हुआ। खेलते समय लिफ्ट में फंसने से 7 साल के शिवांश शैलेश धूत की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार रात करीब 10:30 बजे हुआ, जिसके बाद पूरी सोसाइटी में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, शिवांश खेलते-खेलते लिफ्ट में चला गया था। माना जा रहा है कि उसने लिफ्ट के बटन दबा दिए, जिसके बाद लिफ्ट चल पड़ी। काफी देर तक शिवांश नजर नहीं आने पर सोसाइटी के लोगों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
लिफ्ट के दरवाजे में फंसा मिला बच्चा
तलाश के दौरान शिवांश लिफ्ट के अंदर और बाहर वाले दरवाजे के बीच फंसा हुआ मिला। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग को तुरंत बुलाया गया। दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मेहनत के बाद बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सिंहगढ़ रोड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनय पाटणकर ने बताया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे 7 साल के शिवांश शैलेश धूत की लिफ्ट के दो दरवाजों के बीच फंसने से मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में लिफ्ट में किसी तरह की तकनीकी खराबी नहीं मिली है। अधिकारियों का कहना है कि लिफ्ट के रखरखाव की जिम्मेदारी हाउसिंग सोसाइटी की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।