Delhi LPG Cylinder Blast: नई दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार को LPG गैस सिलेंडर फटने से एक मंजिला मकान ढह गया। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल उनकी हालत के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। डॉक्टरों की जांच के बाद ही उनकी स्थिति का पता चल सकेगा।
वहीं, पुलिस ने बताया कि जिस इमारत में यह हादसा हुआ, वहां बर्तनों की पॉलिश का काम किया जाता था।
सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा एक मंजिला मकान
स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) गिरीराज ने बताया कि LPG सिलेंडर में विस्फोट होने के कारण लगभग 250 वर्ग गज में बना एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
तीन लोगों को मलबे से निकाला गया बाहर
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) को मकान में विस्फोट होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। फिलहाल अभी तक तीन लोगों को मलबे से सकुशल बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी मलबे में दबा हुआ है।
दमकल विभाग का कहना है कि सुबह 9:37 बजे धमाके के बाद इमारत गिरने और कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। सर्च अभियान अभी जारी है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य करना शुरू कर दिया था। सूचना यह भी मिल रही है कि मलबे में से आधा दर्जन सिलिंडर मिले हैं।