देश के 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR खत्म, जानें- किस राज्य में कितने वोटर के कटे नाम

SIR Concludes In 9 States: चुनाव आयोग की तरफ से जारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की वजह से 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 9 में रजिस्टर्ड वोटर्स की संख्या में भारी गिरावट आई है। अपडेटेड रोल्स में 1.70 करोड़ वोटर्स यानी 7.93 प्रतिशत मतदाताओं की कमी आई है

अपडेटेड Feb 22, 2026 पर 11:26 AM
Story continues below Advertisement
SIR Concludes In 9 States: एसआईआर के बाद 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाताओं की संख्या में 1.70 करोड़ की कमी आई

SIR Concludes In 9 States: स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत फाइनल इलेक्टोरल रोल के पब्लिकेशन के बाद देश के 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाताओं की संख्या 1.70 करोड़ से अधिक कम हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल, अन्य राज्यों में एसआईआर प्रक्रिया अभी जारी है। गुजरात, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, राजस्थान, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गोवा और केरल के मुख्य चुनाव अधिकारियों की तरफ से शेयर किए गए आंकड़ों से पता चला है कि पिछले साल 27 अक्टूबर को एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले इन राज्यों में कुल मिलाकर 21.45 करोड़ से अधिक मतदाता थे।

इस सप्ताह फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के बाद मतदाताओं की संख्या 1.70 करोड़ घटकर 19.75 करोड़ रह गई। वर्तमान में यह प्रक्रिया 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जारी है, जिसमें लगभग 60 करोड़ मतदाता शामिल हैं।

किस राज्य में कितने वोटर के नाम कटे


गुजरात में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। राज्य की वोटर लिस्ट में 13.4 प्रतिशत यानी 68.12 लाख नाम कम हुए, जो 5.08 करोड़ से घटकर 4.40 करोड़ रह गया। मध्य प्रदेश में 34.35 लाख नाम हटाए गए। इसके वोटर 5.74 करोड़ से घटकर 5.39 करोड़ रह गए।

छत्तीसगढ़ में 11.77 परसेंट की ज़्यादा गिरावट दर्ज की गई, जिसमें 24.99 लाख नाम हटाए गए। इसके वोटर 2.12 करोड़ से घटकर 1.87 करोड़ रह गए। अन्य बड़े राज्यों में केरल में सबसे कम गिरावट दर्ज की गई। राज्य का वोटर बेस 3.22 परसेंट या 8.97 लाख घटकर 2.78 करोड़ से 2.69 करोड़ हो गया। गोवा के वोटर लिस्ट में 10.76 फीसदी या 1.27 लाख वोटर कम हुए।

केरल की 2.23 लाख प्रवासी मतदाता

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) एक्सरसाइज के बाद शनिवार को इलेक्शन कमीशन ऑफ़ इंडिया (ECI) की जारी नई वोटर लिस्ट के मुताबिक केरल में 2.23 लाख प्रवासी मतदाता हैं। यह एक ऐसा राज्य है जहां बड़ी संख्या में लोग विदेश में काम करते हैं। चुनाव आयोग के डेटा के मुताबिक, राज्य में कुल 2,23,558 लोगों ने प्रवासी मतदाता के रूप में रजिस्टर किया है।

प्रवासी वोटरों की सबसे ज्यादा संख्या कोझीकोड ज़िले के कुट्टियाडी चुनाव क्षेत्र में है, जहां 16,02 वोटर हैं। इसके बाद नाडापुरम (कोझीकोड ज़िला) में 12,424, तिरुर (मलप्पुरम जिला) में 8,601 और कल्लियासेरी (कन्नूर ज़िला) में 8,097 वोटर हैं।

सबसे कम संख्या तिरुवनंतपुरम ज़िले के नेय्याट्टिनकारा में दर्ज की गई, जहां सिर्फ 13 प्रवासी वोटर हैं। कट्टकडा (तिरुवनंतपुरम जिला) में 35 माइग्रेंट वोटर हैं। जबकि परसाला (तिरुवनंतपुरम जिला) और इडुक्की जिले के इडुक्की निर्वाचन क्षेत्रों में 39-39 वोटर हैं। चुनाव आयोग की लेटेस्ट लिस्ट के अनुसार, कुल माइग्रेंट वोटरों में से 1,90,090 पुरुष, 33,458 महिलाएं और 10 ट्रांसजेंडर हैं।

राजस्थान में 5.15 करोड़ से अधिक मतदाता

राजस्थान में SIR का कार्य पूरा हो गया है। शनिवार को फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई, जिसमें कुल 5,15,19,929 मतदाता शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, फाइनल लिस्ट में राज्य की 199 विधानसभा सीट के लिए सभी नाम दर्ज किए गए हैं। ड्राफ्ट लिस्ट और फाइनल पब्लिकेशन के बीच मतदाताओं की संख्या में 10,48,605 (2.08 प्रतिशत) की शुद्ध बढ़ोतरी हुई है।

ये भी पढे़ं- भारत में बड़े आतंकवादी हमले की साजिश नाकाम! तमिलनाडु से 6 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, पाकिस्तान और बांग्लादेश से निकला कनेक्शन

कुल मतदाताओं में से 2,69,57,881 पुरुष और 2,45,61,486 महिला हैं। रिव्यू पीरियड के दौरान सेक्स रेश्यो 909 से सुधरकर 911 हो गया। इसमें 18-19 साल के मतदाताओं की संख्या में भी 4,35,061 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में एसआईआर की प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2025 से 21 फरवरी 2026 के बीच हुई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।