IndiGo: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा! टेकऑफ से पहले इंडिगो की फ्लाइट में दिखा धुंआ, इमरजेंसी गेट से निकाले गए यात्री

IndiGo : इंडिगो के मुताबिक, इस घटना में किसी भी यात्री या स्टाफ को चोट नहीं पहुंची है। इंडिगो ने बताया कि विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसमें धुआं नजर आया। इसके बाद एहतियात के तौर पर तुरंत इमरजेंसी निकासी का फैसला लिया गया

अपडेटेड May 26, 2026 पर 10:58 PM
Story continues below Advertisement
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर मंगलवार को इंडिगो की एक फ्लाइट में धुआं दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई।

IndiGo Flight Smoke Incident: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर मंगलवार को इंडिगो की एक फ्लाइट में धुआं दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। चेन्नई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E 6017 जब रनवे की ओर टैक्सी कर रही थी, तभी विमान के अंदर धुआं नजर आया। टेकऑफ होने से ठीक पहले इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट पूरी तरह से धुआं-धुआं हो गई। केबिन में उठे धुएं को गुबार को देखने के बाद फ्लाइट में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए तुरंत इमरजेंसी कदम उठाते हुए यात्रियों और क्रू को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाला गया।

इंडिगो ने दी ये जानकारी 

वहीं इंडिगो के मुताबिक, इस घटना में किसी भी यात्री या स्टाफ को चोट नहीं पहुंची है। इंडिगो ने बताया कि विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसमें धुआं नजर आया। इसके बाद एहतियात के तौर पर तुरंत इमरजेंसी निकासी का फैसला लिया गया।


इंडिगो के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें वापस टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया है, जहां एयरलाइन की टीम उनकी देखभाल कर रही है ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को जल्दी बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल किया गया। साथ ही, मौके पर तुरंत दमकल की गाड़ियां भी भेज दी गई थीं। इंडिगो के प्रवक्ता के मुताबिक, इस फ्लाइट के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था कर दी गई है, जो जल्द रवाना होगा। यात्रियों को इंतजार के दौरान खाने-पीने की सुविधा भी दी जा रही है।

इस घटना की पुष्टि करते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के सूत्रों ने बताया कि बेंगलुरु से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6017 में विमान के 'पुश बैक' के दौरान केबिन में धुआं दिखाई दिया था।

इससे पहले भी घटी थी ये घटना 

बताया जा रहा है कि हाल के हफ्तों में इंडिगो की उड़ान से जुड़ी यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले इसी महीने हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो फ्लाइट के चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उसके केबिन में धुआं देखा गया था। उस समय भी सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

उस समय इमरजेंसी निकासी का फैसला तब लिया गया था, जब एक यात्री ने क्रू मेंबर्स को बताया कि उसके पावर बैंक में आग लग गई है। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर निकासी के दौरान कम से कम एक यात्री घायल हो गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।