Sukesh Chandrasekhar: दिल्ली की मंडोली जेल में बंद कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार उसने बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को क्रिसमस के मौके पर एक ऐसा लेटर लिखा है, जो चर्चा का विषय बन गया है। इस लेटर में सुकेश ने दावा किया है कि उसने जैकलीन के लिए अमेरिका के पॉश इलाके बेवर्ली हिल्स (Beverly Hills) में एक घर खरीदा है, जिसे उसने 'द लव नेस्ट' नाम दिया है।
तैयार हो गया है सपनों का 'लव नेस्ट'
बुधवार को लिखे गए इस पत्र में सुकेश ने जैकलीन के प्रति अपने प्यार का इजहार करते हुए लिखा, 'सुकेश ने दावा किया कि उसने बेवर्ली हिल्स में वो घर तैयार कर लिया है जिसका सपना दोनों ने देखा था। लेटर के मुताबिक, यह घर पहले की प्लानिंग से भी बड़ा और बेहतर है। सुकेश ने लिखा कि इस घर के चारों ओर एक निजी '19-होल' का एक गोल्फ कोर्स भी है। उसने इसे जैकलीन के लिए अपना 'क्रिसमस गिफ्ट' बताया है।
RCB टीम खरीदने की तैयारी?
सिर्फ घर ही नहीं, सुकेश ने जैकलीन को एक और बड़ा सरप्राइज देने का दावा किया है। उसने पत्र में लिखा कि वह जैकलीन का एक और सपना पूरा करने पर काम कर रहा है, जो है एक IPL टीम का मालिक होना। सुकेश के मुताबिक, उसने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम के लिए अपनी बोली लगा दी है और उसे उम्मीद है कि जल्द ही यह टीम उसके पास होगी।
रिश्ते पर जैकलीन का इनकार
जहां सुकेश बार-बार जैकलीन के साथ अपने रिश्ते और महंगे तोहफों का दावा करता है, वहीं जैकलीन इन दावों को सिरे से खारिज करती रही हैं। अभिनेत्री ने लगातार कहा है कि वह सुकेश के अपराधों से अनजान थीं। फरवरी 2024 में उन्होंने सुकेश पर मानसिक उत्पीड़न और छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की भी मांग की थी।
सुकेश चंद्रशेखर फिलहाल 200 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले में जेल में है। वह जेल के अंदर से ही अक्सर जैकलीन को प्रेम पत्र लिखता रहता है, जिन्हें वह मीडिया के जरिए सार्वजनिक करता है। ED ने इस मामले में जैकलीन को भी आरोपी बनाया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि जैकलीन को सुकेश की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी थी और उनके परिवार व दोस्तों ने सुकेश से मिले करोड़ों रुपयों का फायदा उठाया है। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के दावे अक्सर जांच को गुमराह करने या चर्चा में बने रहने के लिए किए जाते हैं।