महाराष्ट्र की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार कल उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। बता दें कि बीते बुधवार को बारामती में विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद उपमुख्यमंत्री का पद रिक्त हो गया है। यदि सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेती हैं, तो महाराष्ट्र को पहली महिला उपमुख्यमंत्री मिलेगी। बता दें कि, NCP विधायक दल की बैठक शनिवार को होने वाली है।
बता दें कि, अजित पवार के अचानक निधन के बाद यह सवाल उठ रहा है कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री का पद अब कौन संभालेगा। सूत्रों के हवाले से खबर है कि उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। यह पूरा घटनाक्रम शुक्रवार को सामने आया, जब नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एकजुट होने की चर्चाएं तेज़ हो गईं। पार्टी से जुड़े कई लोगों का मानना है कि यह फैसला अजित पवार की “आखिरी इच्छा” के तौर पर देखा जा रहा है।
सीएम फडणवीस से की मुलाकात
बता दें कि, शुक्रवार को एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, सुनील तटकरे और धनंजय मुंडे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके सरकारी आवास वर्षा बंगला में मुलाकात की। फिलहाल अजित पवार का एनसीपी गुट महाराष्ट्र सरकार में भाजपा और शिवसेना के साथ गठबंधन में है। इस सरकार का नेतृत्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, अजित पवार के चाचा शरद पवार और उनकी चचेरी बहन सुप्रिया सुले का एनसीपी गुट विपक्ष में है। यह गुट कांग्रेस और शिवसेना के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ भूमिका निभा रहा है।
कल होगी विधायक दल की बैठक
NCP के दफ्तर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए छगन भुजबल ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया है कि अगर पार्टी की विधायक दल (लेजिस्लेटिव विंग) इस पर फैसला ले लेती है, तो शनिवार को ही डिप्टी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। इससे पहले शुक्रवार को भुजबल ने बताया था कि एनसीपी की विधायक दल की बैठक 31 जनवरी को होगी। इस बैठक में सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है।