Suvendu Adhikari Net Worth: ममता बनर्जी को मात देने वाले सुवेंदु अधिकारी के पास न सोना न गाड़ी, भाजपा नेता के पास है इतनी संपत्ति
Suvendu Adhikari Net Worth: सुवेंदु अधिकारी पर किसी तरह का कर्ज नहीं है। न उनके ऊपर कोई बैंक लोन है, न निजी उधार और न ही किसी सरकारी विभाग का कोई बकाया। उनकी चल संपत्ति करीब 24.57 लाख रुपये बताई गई है। उनके पास नकद केवल 12 हजार रुपये हैं
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी की अचल संपत्तियों की कुल कीमत करीब 61.30 लाख रुपये बताई गई है
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रचंड जीत के बाद अब राज्य के अगले मुख्यमंत्री पर सबकी नजरें हैं। भाजपा की इस प्रचंड जीत में सुवेंदु अधिकारी एक बड़े चेहरे के रूप में उभर कर सामने आए हैं। सुवेंदु अधिकारी ने हाल ही में पश्चिम बंगाल में दो विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। इनमें वह सीट भी शामिल है, जिस पर लंबे समय से ममता बनर्जी का दबदबा माना जाता था। इसके साथ ही वो फिलहाल राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने के रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। ऐसे में आइए जानते हैं सुवेंदु अधिकारी की संपत्ति के बारे में।
सुवेंदु के पास 12 हजार कैश
भारत निर्वाचन आयोग में जमा किए गए उनके 2026 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, सुवेंदु अधिकारी के पास सिर्फ 12 हजार रुपये नकद हैं। उनके नाम पर कोई कार नहीं है और न ही उन्होंने किसी सोने के आभूषण की जानकारी दी है। हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल घोषित संपत्ति करीब 85.87 लाख रुपये है। खास बात यह है कि उन पर किसी तरह का कर्ज भी नहीं है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने अपने 2026 के चुनावी हलफनामे में कुल 85.87 लाख रुपये की संपत्ति घोषित की है।
इतनी संपत्ति के मालिक के सुवेंदु
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) द्वारा साझा किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, सुवेंदु अधिकारी पर किसी तरह का कर्ज नहीं है। न उनके ऊपर कोई बैंक लोन है, न निजी उधार और न ही किसी सरकारी विभाग का कोई बकाया। उनकी चल संपत्ति करीब 24.57 लाख रुपये बताई गई है। उनके पास नकद केवल 12 हजार रुपये हैं। हलफनामे के अनुसार, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एक्सिस बैंक, आईडीबीआई बैंक और कांथी व नंदीग्राम के कई सहकारी बैंकों सहित कुल 14 बैंक खातों में लगभग 7.34 लाख रुपये जमा हैं। सुवेंदु अधिकारी ने अपने नाम पर किसी कार, अन्य वाहन या सोने-चांदी के गहनों की जानकारी नहीं दी है।
इन योजनाओं में किया है निवेश
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी की बचत का बड़ा हिस्सा सरकारी बचत योजनाओं में निवेश किया गया है। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (एनएससी) में उनकी कुल जमा राशि करीब 5.45 लाख रुपये है। वहीं किसान विकास पत्र (केवीपी) में लगभग 2.60 लाख रुपये निवेश किए गए हैं। इसके अलावा, उनके डाकघर बचत खाते में 60,523 रुपये जमा हैं। हलफनामे में यह भी बताया गया है कि उनके पास छह एलआईसी बीमा पॉलिसियां हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 7.71 लाख रुपये है। यह रकम भी उनकी चल संपत्ति में शामिल की गई है।
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने अपने चुनावी हलफनामे में बताया है कि उनके कुल 14 बैंक खाते हैं, जिनमें करीब 7.34 लाख रुपये जमा हैं। ये खाते पंजाब नेशनल बैंक की कांथी शाखा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की संसद भवन शाखा और नंदीग्राम शाखा, एक्सिस बैंक की कांथी शाखा तथा आईडीबीआई बैंक की तमलुक शाखा में मौजूद हैं। इसके अलावा, उनके खाते विद्यासागर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक, बालागेरिया सहकारी बैंक, कार्ड बैंक और कांथी को-ऑपरेटिव बैंक में भी हैं। हलफनामे के मुताबिक, सुवेंदु अधिकारी के पास कांथी को-ऑपरेटिव बैंक और कार्ड बैंक में कुल 14,240 रुपये के शेयर भी हैं।
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी की अचल संपत्तियों की कुल कीमत करीब 61.30 लाख रुपये बताई गई है। उनकी ज्यादातर संपत्तियां पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में स्थित हैं, जिसे लंबे समय से अधिकारी परिवार का राजनीतिक गढ़ माना जाता है। हलफनामे के मुताबिक, नंदीग्राम इलाके में उनकी खेती योग्य जमीन की कीमत करीब 9.05 लाख रुपये है। इसके अलावा पंचदरिया, धर्मदासबार, करकुली और सिनाचुराजलपाई इलाकों में मौजूद गैर-कृषि जमीनों की कुल कीमत लगभग 27.50 लाख रुपये बताई गई है। सुवेंदु अधिकारी के पास तीन रिहायशी संपत्तियां भी हैं। इनमें तमलुक और कुमारपुर में फ्लैट शामिल हैं, जबकि करकुली में उन्हें संयुक्त रूप से पैतृक संपत्ति मिली हुई है। इन तीनों संपत्तियों की कुल कीमत करीब 24.75 लाख रुपये बताई गई है।
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने अपने 2024-25 के आयकर रिटर्न में 17.38 लाख रुपये की सालाना आय घोषित की है। हलफनामे के मुताबिक, उनकी आय के मुख्य स्रोत विधायक के तौर पर मिलने वाली सैलरी, सांसद पेंशन और कारोबार से होने वाली कमाई हैं।
पिछले पांच वर्षों में उनकी आय लगातार बढ़ी है।
2020-21 में उनकी आय 8.13 लाख रुपये थी।
2021-22 में यह 8.08 लाख रुपये रही।
2022-23 में आय बढ़कर 8.78 लाख रुपये हो गई।
2023-24 में उन्होंने 10.37 लाख रुपये की आय दिखाई।
2024-25 में उनकी आय बढ़कर 17.38 लाख रुपये पहुंच गई।
दर्ज हैं कुल 29 अपराधिक मामले
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके खिलाफ कुल 29 आपराधिक मामले लंबित हैं। इन मामलों में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की अलग-अलग धाराओं के तहत कई आरोप लगाए गए हैं। इनमें समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने, आपराधिक धमकी, मानहानि और चोरी जैसे आरोप शामिल हैं। इसके अलावा, उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून से जुड़ा 2017 का एक सीबीआई मामला भी दर्ज है। हालांकि, हलफनामे में यह भी बताया गया है कि इन 29 मामलों में अभी तक किसी भी मामले में अदालत द्वारा आरोप तय नहीं किए गए हैं। वहीं, उन्हें किसी मामले में सजा भी नहीं हुई है।
ममता बनर्जी के पास इतनी है संपत्ति
ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के 2026 के चुनावी हलफनामों में उनकी संपत्ति और आय को लेकर दिलचस्प अंतर देखने को मिलता है। ममता बनर्जी ने अपने हलफनामे में कुल 15.37 लाख रुपये की संपत्ति घोषित की है। उन पर किसी तरह का कर्ज नहीं है। उनके पास 75,700 रुपये नकद हैं और इंडियन बैंक के दो खातों में लगभग 12.76 लाख रुपये जमा हैं। उन्होंने करीब 9 ग्राम 750 मिलीग्राम सोने के गहनों की जानकारी दी है, जिनकी कीमत लगभग 1.45 लाख रुपये बताई गई है। हलफनामे के मुताबिक, ममता बनर्जी के नाम पर कोई कार, खेती की जमीन, गैर-कृषि जमीन या रिहायशी संपत्ति दर्ज नहीं है।
वहीं, 2024-25 में उनकी घोषित सालाना आय 23.21 लाख रुपये रही, जो सुवेंदु अधिकारी की आय से ज्यादा है। हालांकि, उनकी कुल संपत्ति सुवेंदु अधिकारी से काफी कम है। दूसरी ओर, सुवेंदु अधिकारी की घोषित कुल संपत्ति करीब 85.87 लाख रुपये है, जो ममता बनर्जी की संपत्ति से लगभग साढ़े पांच गुना ज्यादा है। सुवेंदु अधिकारी के पास ज्यादा बैंक खाते, ज्यादा जमीन और कई बीमा पॉलिसियां हैं। वहीं, ममता बनर्जी के पास नकद राशि, सोने के गहने और सालाना आय अधिक है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों नेताओं ने अपने नाम पर किसी भी कार का उल्लेख नहीं किया है।