Tamil Nadu: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर, इन तीन विधायकों ने दिया इस्तीफा...छोड़ी AIADMK

Tamil Nadu : इन इस्तीफों के बाद विधानसभा में AIADMK विधायकों की संख्या घटकर 44 रह गई है। अब इन तीन सीटों के साथ तिरुचिरापल्ली (पूर्व) सीट पर भी अगले छह महीनों के अंदर उपचुनाव होने की संभावना है

अपडेटेड May 25, 2026 पर 3:37 PM
Story continues below Advertisement
तमिलनाडु की राजनीति से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है।

तमिलनाडु की राजनीति से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद संकट का सामना कर रही AIADMK पार्टी को सोमवार को एक और बड़ा झटका लगा। पार्टी के बागी नेता सी. वी. षणमुगम के गुट के तीन विधायकों ने पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया और वे अब अभिनेता विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) में शामिल होंगे। विधायक के. मरगथम, डी. जयकुमार और वी. सत्यभामा ने सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

वहीं इन इस्तीफों के बाद विधानसभा में AIADMK विधायकों की संख्या घटकर 44 रह गई है। अब इन तीन सीटों के साथ तिरुचिरापल्ली (पूर्व) सीट पर भी अगले छह महीनों के अंदर उपचुनाव होने की संभावना है।

 AIADMK की बढ़ रही मुश्किलें  


2026 के विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद AIADMK की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एडप्पादी के. पलानीस्वामी की अगुवाई वाली पार्टी को अब विधायकों के दलबदल का भी सामना करना पड़ रहा है। 13 मई को हुए अहम फ्लोर टेस्ट में AIADMK के कम से कम 24 बागी विधायकों ने पार्टी व्हिप के खिलाफ जाकर विजय सरकार के समर्थन में वोट दिया। तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा में AIADMK सिर्फ 47 सीटें जीत सकी। वहीं विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सभी को चौंका दिया। हालांकि, पार्टी बहुमत से 10 सीटें पीछे रह गई, जिसके बाद सरकार बनाने के लिए कई दौर की बातचीत और गठबंधन की कोशिशें शुरू हुईं।

चुनावी नतीजों के बाद लगे थे ये आरोप

इन चुनाव नतीजों के बाद तमिलनाडु की राजनीति में एडप्पादी पलानीस्वामी (EPS) की स्थिति कमजोर पड़ गई। उन्हें AIADMK विरोधी खेमे का सबसे बड़ा चेहरा माना जाता था, लेकिन अब पार्टी के अंदर ही बड़ा विरोध शुरू हो गया। सी. वी. षणमुगम ने AIADMK प्रमुख पर आरोप लगाया कि वे सरकार बनाने के लिए अपनी सबसे बड़ी विरोधी पार्टी DMK के साथ हाथ मिलाने की कोशिश कर रहे थे।

इसके बाद AIADMK के कम से कम 24 विधायकों ने पार्टी का साथ छोड़ दिया। उन्होंने पार्टी व्हिप को नजरअंदाज करते हुए TVK सरकार के समर्थन में वोट किया। इससे विजय सरकार को विधानसभा में 144 विधायकों का समर्थन मिल गया। इस बगावत के बाद AIADMK के अंदर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू हो गई है। पार्टी दलबदल विरोधी कानून के तहत भी कदम उठा रही है।

तमिलनाडु में तेज हुई राजनीति हलचल 

तमिलनाडु में AIADMK के बागी गुट को लेकर राजनीतिक हलचल के बीच कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि, AIADMK विजय सरकार में शामिल नहीं होगी। उन्होंने साफ कहा कि राज्य की जनता ने BJP की किसी भी “पिछले दरवाजे” वाली राजनीति के खिलाफ जनादेश दिया है। मणिकम टैगोर ने कहा कि सरकार की सीटों की स्थिति इतनी कमजोर नहीं है कि उसे गिराया जा सके। उनके मुताबिक, मौजूदा व्यवस्था सही तरीके से चलती रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।