तमिलनाडु में मंत्रियों को बांटे गए विभाग, CM विजय ने अपने पास रखी ये बड़ी जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट

मुख्यमंत्री विजय ने गृह, पुलिस और महिला एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखे हैं। वहीं, वरिष्ठ टीवीके नेता के.ए. सेंगोत्तैयान को वित्त विभाग के साथ पेंशन और पेंशन भत्ते की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, 61 वर्षीय नेता बुस्सी एन. आनंद को ग्रामीण विकास और जल विभाग सौंपा गया है। एन. आनंद को विजय का करीबी सहयोगी माना जाता है और जो टीवीके के संस्थापक नेताओं में शामिल हैं

अपडेटेड May 16, 2026 पर 6:17 PM
Story continues below Advertisement
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शनिवार को अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया।

तमिलनाडु की सत्ता संभालने के कुछ ही दिनों बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शनिवार को अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और पहली बार विधायक बने सदस्यों को अलग-अलग अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। लोक भवन की ओर से शनिवार (16 मई 2026) को जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने गृह और सार्वजनिक प्रशासन जैसे कई महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं।

सीएम विजय ने ये विभाग रखा अपने पास

मुख्यमंत्री विजय ने गृह, पुलिस और महिला एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखे हैं। वहीं, वरिष्ठ टीवीके नेता के.ए. सेंगोत्तैयान को वित्त विभाग के साथ पेंशन और पेंशन भत्ते की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, 61 वर्षीय नेता बुस्सी एन. आनंद को ग्रामीण विकास और जल विभाग सौंपा गया है। एन. आनंद को विजय का करीबी सहयोगी माना जाता है और जो टीवीके के संस्थापक नेताओं में शामिल हैं। उन्हें मंत्रियों के विभागों को राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मंजूरी दे दी है। इससे साफ संकेत मिलता है कि नई सरकार ने प्रशासनिक ढांचे को व्यवस्थित तरीके से तैयार किया है, जिसमें मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और जनकल्याण से जुड़े अहम विभाग अपने पास रखे हैं।


जानें किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी 

  • मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय – सार्वजनिक, सामान्य प्रशासन, भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय
  • पुलिस सेवा, भारतीय वन सेवा, जिला राजस्व अधिकारी, पुलिस, गृह, विशेष कार्यक्रम कार्यान्वयन,
  • महिला कल्याण, युवा कल्याण, बाल कल्याण, वृद्धजन कल्याण, दिव्यांगजन कल्याण, नगरपालिका प्रशासन, शहरी प्रशासन, जल आपूर्ति।
  • एन. आनंद – ग्रामीण विकास और जल संसाधन मंत्री।
  • आधव अर्जुन – लोक निर्माण और खेल विकास मंत्री।
  • डॉ. के.जी. अरुणराज – स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण मंत्री।
  • के.ए. सेंगोत्तैयान – वित्त मंत्री।
  • पी. वेंकटरमणन – खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री।
  • आर. निर्मलकुमार – ऊर्जा संसाधन और कानून मंत्री।
  • राजमोहन – स्कूली शिक्षा, तमिल विकास, सूचना और प्रचार मंत्री।
  • डॉ. टी.के. प्रभु – प्राकृतिक संसाधन मंत्री।
  • सेल्वी एस. कीर्तना – उद्योग मंत्री।

144 विधायकों का मिला था समर्थन

बता दें कि, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और उनके मंत्रियों ने 10 मई को शपथ ली थी। यह तब संभव हुआ जब TVK को 234 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन मिल गया। इसे तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा और ऐतिहासिक घटनाक्रम माना जा रहा है। विजय सरकार ने विधानसभा में विश्वास मत भी हासिल कर लिया। सरकार के पक्ष में 144 विधायकों ने समर्थन दिया, जिनमें AIADMK के 25 बागी विधायक भी शामिल थे। विधानसभा में यह फ्लोर टेस्ट राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के निर्देश पर कराया गया था। राज्यपाल ने कहा था कि विश्वास मत 13 मई तक या उससे पहले कराया जाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।