पूरे देश को हिला कर रख देने वाली नासिक टीसीएस केस में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। सोमवार 20 अप्रैल को नासिक के यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण मामले में आरोपी निदा खान को लेकर ये बड़ी खबर सामने आई है। नासिक की एक अदालत ने फरार निदा खान को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। उनके वकील ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई तक अंतरिम सुरक्षा के लिए आवेदन दिया था। वहीं अब अदालत 27 अप्रैल को अग्रिम जमानत याचिका और अंतरिम राहत याचिका दोनों पर सुनवाई करेगी।
बता दें कि, मामले की सुनवाई के दौरान, एक शिकायतकर्ता के वकील ने लिखित जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगने वाला आवेदन दायर किया, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए 27 अप्रैल तक का समय दिया।
आरोपी निदा खान ने लगाई थी कोर्ट से ये अर्जी
बता दें कि टीसीएस नासिक में काम करने वाली 26 साल की निदा खान यौन उत्पीड़न और धार्मिक दबाव के मामले में आरोपी हैं। इस केस में कुल आठ लोग आरोपी बनाए गए हैं, जिनमें से एक निदा भी हैं। उन्होंने शनिवार को नासिक की सत्र अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था। इस मामले में बाकी सात आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि निदा खान अभी फरार बताई जा रही हैं।
इस बीच, निदा के पिता ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी को झूठे केस में फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निदा, जिसे पहले टीसीएस नासिक बीपीओ यूनिट की एचआर हेड बताया गया था, एक साजिश का शिकार हो रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह मामला असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए बनाया गया है। उन्होंने नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में उन्हें एक बलात्कार के मामले में गिरफ्तार किया गया था और उसी विवाद से ध्यान हटाने के लिए यह केस सामने लाया गया है।
निदा खान पहले नासिक की टीसीएस यूनिट में काम कर रही थीं। करीब दो महीने पहले उनका ट्रांसफर मुंबई के मलाड और हीरानंदानी इलाके के ऑफिस में कर दिया गया था। इसी समय उनके पति मोइन नवीद इकबाल खान ने मुंब्रा में अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) में लॉजिस्टिक्स अधिकारी के तौर पर नई नौकरी शुरू की थी। मामले में नाम सामने आने के बाद, निदा खान को नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया। फिलहाल वो फरार हैं। पुलिस ने शुक्रवार को उनके पति से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि निदा 14 अप्रैल को घर छोड़कर चली गई थीं और फिलहाल किसी रिश्तेदार के यहां रह रही हैं। यह जानकारी पीटीआई के हवाले से सामने आई है।
नासिक TCS केस में कई शिकायतों की जांच जारी
बता दें कि, नासिक पुलिस टीसीएस ब्रांच से जुड़े मानसिक और यौन उत्पीड़न के मामलों की जांच कर रही है। अब तक कुल 9 शिकायतें सामने आई हैं, जो 8 महिला कर्मचारियों ने दर्ज कराई हैं। ये मामले फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच के बताए जा रहे हैं। जांच को तेज़ करने के लिए पिछले हफ्ते एक विशेष जांच दल (SIT) बनाया गया है। इस केस में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और एचआर मैनेजर निदा खान शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।