काशी से दिल्ली का सफर होगा और आरामदायक, कैंट स्टेशन से जल्द शुरू हो सकती है स्लीपर वंदे भारत

Sleeper Vande Bharat: काशी के लोगों के लिए स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। रेलवे बोर्ड ने वाराणसी जंक्शन (कैंट रेलवे स्टेशन) से नई दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, ट्रेन के रूट को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

अपडेटेड Sep 15, 2026 पर 10:18 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कैंट स्टेशन से जल्द शुरू होगी स्लीपर वंदे भारत

Sleeper Vande Bharat: काशी के लोगों के लिए स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। रेलवे बोर्ड ने वाराणसी जंक्शन (कैंट रेलवे स्टेशन) से नई दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, ट्रेन के रूट को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो दशहरा और दिवाली के दौरान वाराणसी से दिल्ली का सफर यात्रियों के लिए पहले से ज्यादा आरामदायक और सुविधाजनक हो जाएगा।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल रेलवे के पास स्लीपर वंदे भारत के दो रैक उपलब्ध हैं। इनमें से एक रैक को बनारस रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के बीच चलाने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए बनारस स्टेशन से ट्रेन संचालन की फिजिबिलिटी रिपोर्ट भी मांगी गई थी। हालांकि, स्टेशन पर ट्रेन के रखरखाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण अब इसके संचालन की योजना में बदलाव किया गया है। रेलवे ट्रेन को वाराणसी जंक्शन (कैंट स्टेशन) से नई दिल्ली के बीच चलाने की तैयारी कर रहा है।

ट्रेनों के मेंटेनेंस के पुख्ता इंतजाम पहले से वाराणसी के पास होने के कारण रेलवे बोर्ड ने यहां ट्रेन चलाने का मन बनाया है। हालांकि, रेल के अधिकारियों ने इस बारे में कुछ भी अधिकृत जानकारी न होने की बात कही है, लेकिन फिजिबिलिटी मांगे जाने की बात दबी जुबान स्वीकार भी करने लगे हैं।


बता दें कि बनारस स्टेशन से काशी विश्वनाथ, शिवगंगा और बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के अलावा वाराणसी जंक्शन से दो वंदे भारत और सप्ताह में तीन दिन महामना एक्सप्रेस चलने के बावजूद यात्रियों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। खासकर रविवार शाम को दिल्ली और दूसरे शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ जाती है और कई ट्रेनों में ओवरक्राउडिंग की स्थिति बन जाती है। ऐसे में अगर स्लीपर वंदे भारत का संचालन शुरू होता है, तो काशी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: VIDEO: ‘मैं वहीं मर सकती थी...’, गुरुग्राम हिट एंड रन केस में पीड़िता सिया ने तोड़ी चुप्पी, आरोपी के दावों पर उठाए सवाल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।