Withdrawal of Southwest Monsoon: एक ओर जहां गुजरात समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का दौर चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ मानसून की विदाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। IMD के मुताबिक पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई 19 सितंबर 2026 के आसपास शुरू होने की संभावना है।
IMD की आधिकारिक घोषणा और जारी किए गए मानचित्र में पश्चिम राजस्थान को स्पष्ट रूप से चिह्नित किया गया है। आपको बता दें कि मानसून की वापसी सामान्यतः उत्तर-पश्चिमी भारत से शुरू होती है और धीरे-धीरे दक्षिण-पूर्व की ओर बढ़ती है। इस बार भी यही प्रक्रिया अपेक्षित है। विभाग ने स्पष्ट किया कि अभी परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं, इसलिए 19 सितंबर के आसपास पश्चिम राजस्थान के कुछ क्षेत्रों से मानसून की औपचारिक वापसी शुरू हो सकती है।
इसके बाद अगले कुछ हफ्तों में अन्य क्षेत्रों से भी मानसून की विदाई का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। आपको बता दें कि IMD की यह घोषणा सामान्य मानसून चक्र के हिसाब से ही है। सामान्य वर्षों में मध्य सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिमी भारत से मानसून की वापसी शुरू हो जाती है। आपको बता दें कि 21 सितंबर के आसपास दिल्ली से भी मानसून की वापसी की उम्मीद की जा रही है।