सिर पर एक करोड़ का इनाम रखा गया तो काबा और मदीना गाने वाली TMC सांसद सायोनी घोष का आया कुछ ऐसा रिएक्शन

TMC MP Sayoni Ghosh: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें यूपी के सिकंदराबाद नगर पालिका के चेयरमैन और भाजपा नेता प्रदीप दीक्षित कथित तौर पर सायोनी घोष का सिर कलम करने वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने का एलान कर रहे हैं

अपडेटेड May 20, 2026 पर 8:12 AM
Story continues below Advertisement
तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद सायोनी घोष को लेकर देश की सियासत में एक नया भूचाल आ गया है।

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद सायोनी घोष को लेकर देश की सियासत में एक नया भूचाल आ गया है। उत्तर प्रदेश के एक भाजपा नेता की ओर से सायोनी घोष का सिर कलम करने वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया है। इस सीधे और खौफनाक डेथ थ्रेट पर अब टीएमसी सांसद सायोनी घोष का पहला और बेहद कड़ा रिएक्शन सामने आया है। सायोनी ने न सिर्फ इस पर हैरानी जताई है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को टैग करते हुए भाजपा के नारी शक्ति के नारे पर भी तीखा तंज कसा है।

आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें यूपी के सिकंदराबाद नगर पालिका के चेयरमैन और भाजपा नेता प्रदीप दीक्षित कथित तौर पर सायोनी घोष का सिर कलम करने वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने का एलान कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में एक वेब चैनल से बात करते हुए भी भाजपा नेता ने अपने इस विवादित बयान से इनकार नहीं किया।

सायोनी घोष का पहला रिएक्शन- मैं हैरान हूं


इस खुलेआम दी गई धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए सायोनी घोष ने इसे ओपन डेथ थ्रेट करार दिया है और अधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को टैग करते हुए सायोनी घोष ने लिखा कि मैं यह देखकर पूरी तरह हैरान हूं कि उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद से एक नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा नेता द्वारा सरेआम मेरा सिर काटने पर 1 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। यह धमकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रही है और मुख्यधारा की मीडिया में भी इसकी रिपोर्ट की गई है।

सायोनी घोषण का ट्वीट यहां नीचे देखिए

नारी शक्ति वंदन पर उठाए गंभीर सवाल

सायोनी घोष ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार और उसके महिला सशक्तिकरण के दावों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सवाल दागते हुए लिखा कि क्या एक महिला और मौजूदा संसद सदस्य का सिर काटने के लिए इनाम की घोषणा करना वह भी भाजपा शासित राज्य में एक भाजपा जन-प्रतिनिधि द्वारा, नए भारत में नारी शक्ति वंदन का असली विचार है? उन्होंने आगे कहा कि सत्ताधारी पार्टी से जुड़े एक प्रतिनिधि द्वारा एक महिला सांसद को इस तरह की धमकी दिया जाना बेहद चिंताजनक और डरावना है। सायोनी ने इस मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस दोनों से तुरंत कड़ा कानूनी एक्शन लेने की अपील की है।

मैं चुप नहीं बैठने वाली, आवाज उठाती रहूंगी- घोष

धमकी मिलने के बाद मिल रहे जनसमर्थन को लेकर सायोनी घोष ने अपने शुभचिंतकों का आभार भी जताया। उन्होंने दोटूक लहजे में कहा कि वे ऐसी धमकियों से डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने लिखा कि मैं उन सभी शुभचिंतकों को धन्यवाद देना चाहती हूं जिन्होंने मेरी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। आप सब निश्चिंत रहें, मैं संसद के अंदर और बाहर जनता की आवाज और असहमति की आवाज बनने के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करना जारी रखूंगी। मुझे डराकर चुप नहीं कराया जा सकता।'

आखिर क्या है पूरा विवाद?

सायोनी घोष को मिल रही इन धमकियों के तार साल 2015 के एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े हैं। दरअसल, सायोनी घोष के अकाउंट से 2015 में एक शिवलिंग से जुड़ी विवादित तस्वीर पोस्ट हुई थी, जिस पर उस समय एफआईआर भी दर्ज हुई थी। यह पुराना मुद्दा 2021 के विधानसभा चुनावों और फिर हालिया पश्चिम बंगाल चुनावों के दौरान भी खूब उछला था। इस पूरे विवाद पर सायोनी घोष लगातार अपनी सफाई देती आई हैं। उनका कहना है कि साल 2015 में उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था और हैकर्स ने ही वह विवादित तस्वीर अपलोड की थी। सायोनी के मुताबिक, जैसे ही उन्हें अपने अकाउंट का एक्सेस वापस मिला था, उन्होंने तुरंत उस पोस्ट को डिलीट कर दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।