Tukaram Mundhe: अब त्योहारों के सीजन में कैसा ऐक्शन लेने जा रहे हैं IAS तुकाराम मुंढे! चर्चित कमिश्नर की नई चेतावनी सामने आई

Tukaram Mundhe: महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने कहा कि FDA आने वाले त्योहारों के मौसम में खाने-पीने की चीजों की सुरक्षा पक्की करने के लिए एक सिस्टम बना रहा है। साथ ही, उन्होंने लोगों से ज्यादा फैट, नमक और चीनी (HFSS) वाली चीजें न खाने की अपील की

अपडेटेड Aug 27, 2026 पर 3:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Tukaram Mundhe: त्योहारों के सीजन में खाद्य सुरक्षा पर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने कमर कस ली है

Tukaram Mundhe: महाराष्ट्र में आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा को लेकर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने कमर कस ली है। महाराष्ट्र FDA के कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने गुरुवार (27 अगस्त) को कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष व्यवस्था तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विस्तृत आदेश अगले एक-दो दिनों में जारी किया जाएगा।

मुंबई प्रेस क्लब की ओर से आयोजित 'मीट द प्रेस' कार्यक्रम में मुंढे ने कहा कि FDA ने त्योहारों से पहले, त्योहारों के दौरान और उसके बाद कार्रवाई के लिए अलग-अलग चरण तय किए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री मिले।

मुंढे ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था किसी एक विशेष त्योहार के लिए नहीं है। बल्कि इसका व्यापक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केवल लाइसेंस प्राप्त कारोबारी ही खाद्य पदार्थों का निर्माण और आपूर्ति करें। उन्होंने कहा कि विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कोई अप्रिय स्थिति पैदा न हो।


HFSS खाद्य पदार्थों को लेकर लोगों को चेताया

तुकाराम मुंढे ने त्योहारों के दौरान लोगों से खान-पान को लेकर संयम बरतने की अपील की। उन्होंने खास तौर पर HFSS यानी High-Fat, Salty and Sugary खाद्य पदार्थों के अत्यधिक सेवन से बचने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान भी ज्यादा वसा, नमक और चीनी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। अधिक खाने से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। मुंढे ने लोगों से पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने और त्योहारों की खुशियां मनाते हुए अपनी सेहत का भी ध्यान रखने की अपील की।

स्कूलों के आसपास HFSS उत्पादों पर प्रतिबंध

स्कूलों के आसपास बेचे जाने वाले HFSS उत्पादों के संबंध में मुंढे ने कहा कि इनके नियमन के लिए नियम पहले से लागू हैं। उन्होंने बताया कि 2020 से शैक्षणिक संस्थानों के आसपास HFSS उत्पादों को प्रतिबंधित करने के प्रावधान मौजूद हैं और 2021 से पूरे देश में इनके क्रियान्वयन की शुरुआत हुई।

FDA प्रमुख के मुताबिक निर्धारित क्षेत्र में ऐसे उत्पादों की बिक्री, विज्ञापन, निर्माण, परिवहन और भंडारण पर रोक है। उन्होंने बताया कि इन नियमों के बाद कई स्कूलों ने अपने मेन्यू में बदलाव किए हैं। FDA को इस पहल के समर्थन में सैकड़ों पत्र और ईमेल भी प्राप्त हुए हैं।

मुंढे ने मई में पदभार संभालने के बाद से खाद्य सुरक्षा, गुणवत्ता मानकों और स्वच्छता संबंधी नियमों को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया है। आगामी त्योहारों को देखते हुए FDA की नई व्यवस्था को इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

ये भी पढे़ं- Video: तिब्बत में ईशा फाउंडेशन के 80 श्रद्धालु भी लापता, इनके बारे में बात करते हुए भावुक हुए सद्गुरु! बोले- हमें भी जाने दो

रेस्तरां और खाने-पीने से जुड़े कारोबार के खिलाफ की गई कड़ी कार्रवाई को सही ठहराते हुए तुकाराम मुंढे ने कहा है कि प्रतिष्ठानों की बहानेबाजी पर नियामक ध्यान नहीं देता। बल्कि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करता है। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई बिना किसी भेदभाव के की गई है। इससे भोजन की क्वालिटी में सुधार हुआ है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।