Twin Tornado Video News: सागर द्वीप के महिषामारी क्षेत्र में गुरुवार (18 जून) को एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाली मौसमीय घटना देखने को मिली। हुगली नदी के ऊपर एक साथ दो बवंडर (ट्विन टॉर्नेडो) बनते हुए दिखाई दिए। इस असामान्य प्राकृतिक घटना ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके का मौसम बदल दिया और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल पैदा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी के ऊपर अचानक दो विशाल घुमावदार वायु स्तंभ बन गए, जो तेजी से ऊपर की ओर उठते दिखाई दिए। देखते ही देखते आसमान घने काले बादलों से ढक गया और दिन में ही अंधेरा छा गया। इसके तुरंत बाद तेज रफ्तार हवाएं चलने लगीं और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज़ आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम हो गई। लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। कई मछुआरों को नदी से वापस लौटना पड़ा। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। लेकिन प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि समुद्री और तटीय क्षेत्रों में विशेष परिस्थितियों में इस तरह के बवंडर बन सकते हैं। लेकिन एक साथ दो बवंडरों का दिखाई देना अत्यंत दुर्लभ माना जाता है। इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान हैं।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, नदी और समुद्र के किनारे जाने से बचने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है। यह घटना क्षेत्र में हाल के वर्षों की सबसे अनोखी और चर्चित मौसमीय घटनाओं में से एक मानी जा रही है।
बवंडर (Tornado) क्या होता है?
बवंडर एक अत्यंत तेज रप्तार से घूमने वाला वायु स्तंभ होता है, जो बादलों से धरती या पानी की सतह तक फैला होता है। यह प्रकृति की सबसे शक्तिशाली और विनाशकारी मौसमीय घटनाओं में से एक माना जाता है। सरल शब्दों में समझें तो बवंडर हवा का एक शक्तिशाली, तेजी से घूमता हुआ भंवर होता है, जो कुछ ही मिनटों में मौसम को बदल सकता है। यह भारी नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखता है।
जब गर्म और नम हवा ठंडी और शुष्क हवा से टकराती है, तो वातावरण में अस्थिरता पैदा होती है। तेज हवाओं और गरज-चमक वाले बादलों (थंडरस्टॉर्म) के बीच यह हवा घूमने लगती है। बाद में यह एक भंवर का रूप ले सकती है। यही भंवर जब जमीन या पानी की सतह तक पहुंच जाता है, तो उसे बवंडर कहा जाता है।
बवंडर कितना खतरनाक होता है?
पानी के ऊपर बनने वाला बवंडर
यदि ऐसा घूमता हुआ वायु स्तंभ नदी, झील या समुद्र के ऊपर बनता है, तो उसे वॉटरस्पाउट (Waterspout) कहा जाता है। सागर के महिषामारी क्षेत्र में हुगली नदी के ऊपर दिखाई दिया ट्विन टॉर्नेडो संभवतः इसी प्रकार का जल-बवंडर था।
ट्विन टॉर्नेडो क्या होता है?
जब एक ही समय में दो बवंडर या दो घूमते हुए वायु स्तंभ पास-पास दिखाई दें, तो उन्हें ट्विन टॉर्नेडो (Twin Tornadoes) कहा जाता है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसे एक दुर्लभ मौसमीय घटना मानी जाती है।