Twisha Sharma Death Case : मध्य प्रदेश के भोपाल में 31 साल की ट्विशा शर्मा की मौत का मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर के एक कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। वहीं सरेंडर करने के साथ ही समर्थ सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बता दें कि, इससे पहले समर्थ सिंह के वकील ने अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली थी। इसके बाद ही तय हो गया था कि वह जल्दी ही कोर्ट में सरेंडर करेगा।अब उसने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया।
इस मामले में ज्यादा जानकारी देते हुए ट्विशा के पति और आरोपी समर्थ सिंह के वकील सौरभ सुंदर ने कहा कि, " समर्थ सिंह यहां सरेंडर करने आए हैं... हम CJM के समक्ष एक अर्जी दाखिल कर रहे हैं।" वहीं ट्विशा शर्मा के परिवार के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि, "ट्रायल कोर्ट भोपाल में है और जांच अधिकारी भी भोपाल में हैं। ट्विशा के पति समर्थ सिंह को उनके सामने सरेंडर कर देना चाहिए... अगर वह सरेंडर करना चाहता है, तो उसे ट्रायल कोर्ट में या जांच अधिकारी के सामने ऐसा करना चाहिए।"
ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। उनके परिवार ने उनके ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। पुलिस ने समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) के तहत, साथ ही दहेज निषेध अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत FIR दर्ज की थी। पुलिस ने समर्थ सिंह की गिरफ्तारी की जानकारी देने वाले को 30,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी।