Twisha Sharma: 'वो मेरे क्लिनिक आई थीं...', ट्विशा शर्मा का इलाज करने वाले साइकेट्रिस्ट ने किया ये खुलासा

Twisha Sharma death Case : ट्विशा शर्मा के परिवार ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। परिवार का कहना है कि ट्विशा के पति और ससुराल वाले लंबे समय से उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। उन्होंने दहेज को लेकर प्रताड़ना देने का भी आरोप लगाया है। साथ ही परिवार ने कहा कि मामले की जांच को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है

अपडेटेड May 20, 2026 पर 2:29 PM
Twisha Sharma death case: नोएडा की रहने वाली एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत मामले ने तूल पकड़ लिया है।

नोएडा की रहने वाली एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत मामले ने तूल पकड़ लिया है।भोपाल में 31 साल की ट्विशा शर्मा की मौत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच ट्विशा शर्मा का इलाज करने वाले साइकेट्रिस्ट पहली बार इस मामले में सामने आए हैं। हालांकि उन्होंने ट्विशा की मेडिकल हिस्ट्री यानी इलाज से जुड़ी जानकारी साझा करने से साफ इनकार कर दिया। डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी ने पुष्टि की कि ट्विशा शर्मा पहले उनके क्लिनिक में इलाज के लिए आई थीं। लेकिन उन्होंने कहा कि मेडिकल एथिक्स और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वह सार्वजनिक रूप से उनके इलाज के बारे में कोई जानकारी नहीं देंगे।

ट्विशा शर्मा का इलाज करने वाला साइकेट्रिस्ट का बड़ा बयान 

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी ने कहा, “यह मामला बेहद संवेदनशील है। एक डॉक्टर होने के नाते अगर अदालत या पुलिस मुझसे जानकारी मांगती है, तो मैं इलाज से जुड़ी सभी बातें उन्हें जरूर बताऊंगा, लेकिन मीडिया के साथ साझा नहीं करूंगा।” डॉ. त्रिवेदी ने यह भी बताया कि उन्होंने ट्विशा शर्मा को आगे की काउंसलिंग के लिए एक काउंसलर का संपर्क नंबर दिया था। हालांकि उन्होंने ट्विशा की बीमारी के बारे में सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा, लेकिन इतना जरूर बताया कि कई लोग शादी और प्रेग्नेंसी से जुड़े तनाव के कारण उनके पास इलाज के लिए आते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मूड स्विंग्स और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं आम हो गई हैं।


डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब ट्विशा शर्मा की मौत के बाद उनके मायके और ससुराल पक्ष के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं। पुलिस ने इस मामले को आत्महत्या बताया है। इससे पहले ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने दावा किया था कि ट्विशा का इलाज चल रहा था। उन्होंने कहा कि मेडिकल पर्चों से पता चलता है कि उन्हें सिजोफ्रेनिया नाम की मानसिक बीमारी थी। गिरिबाला सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि ट्विशा को नशे की आदत थी और उनके व्यवहार व मूड में अक्सर अचानक बदलाव देखने को मिलते थे।

परिवार ने आरोपों को किया खारिज

ट्विशा शर्मा के परिवार ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। परिवार का कहना है कि ट्विशा के पति और ससुराल वाले लंबे समय से उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। उन्होंने दहेज को लेकर प्रताड़ना देने का भी आरोप लगाया है। साथ ही परिवार ने कहा कि मामले की जांच को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। नोएडा की रहने वाली ट्विशा ने अपनी मौत से कुछ समय पहले अपने एक करीबी दोस्त को कुछ परेशान करने वाले मैसेज भी भेजे थे, जिससे उनकी मानसिक स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग

ट्विशा शर्मा के रिश्तेदारों ने पुलिस जांच के तरीके पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दूसरी बार पोस्टमॉर्टम कराने और अदालत की निगरानी में मामले की जांच करवाने की मांग की है। परिवार का यह भी आरोप है कि शादी के बाद ट्विशा पर नौकरी करने और प्रेग्नेंसी को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। दूसरी ओर, गिरिबाला सिंह ने अपने परिवार और बेटे समर्थ सिंह पर लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है। फिलहाल समर्थ सिंह फरार बताया जा रहा है। गिरिबाला सिंह का कहना है कि ट्विशा का परिवार बदले की भावना से काम कर रहा है और उनके बेटे को जेल भिजवाना चाहता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।