Twisha Sharma Case: दिल्ली AIIMS ने ट्विशा शर्मा के दूसरे पोस्टमॉर्टम के लिए 4-सदस्यीय पैनल बनाया, जानें- अब तक मामले में क्या हुआ

Twisha Sharma Death Case Updates: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की एक कोर्ट ने ट्विशा शर्मा के पति वकील समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। इस बीच मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के बाद मॉडल से एक्ट्रेस बनीं ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में उनका दूसरा पोस्टमार्टम करने के लिए दिल्ली AIIMS के डॉक्टरों की चार सदस्यीय टीम शनिवार 23 मई को भोपाल पहुंच गई है

अपडेटेड May 23, 2026 पर 11:30 PM
Story continues below Advertisement
Twisha Sharma death case: AIIMS दिल्ली ने ट्विशा शर्मा के दूसरे पोस्टमॉर्टम के लिए 4-सदस्यीय पैनल गठित की है

Twisha Sharma Death Case Updates: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की एक अदालत ने पूर्व अभिनेत्री एवं मॉडल ट्विशा शर्मा की कथित दहेज मौत के मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार (23 मई) को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इस मामले में सह-आरोपी एवं समर्थ की मां पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने कहा कि बयान दर्ज करने के लिए पुलिस ने अब तक उनसे संपर्क नहीं किया है। इस बीच मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के बाद ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में उनका दूसरा पोस्टमार्टम करने के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के डॉक्टरों की चार सदस्यीय टीम शनिवार को भोपाल पहुंच गई।

ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थी। उसके बाद उसके पति समर्थ सिंह एवं सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। समर्थ इसी FIR के चलते पिछले 10 दिन से फरार था । वह शुक्रवार शाम जबलपुर जिला अदालत परिसर में आत्मसमर्पण के लिए पहुंचा जहां उसे गिरफ्तार किया गया था। उसने इससे पहले मध्यप्रदेश हाई कोरट् में दायर अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली थी।

उसे शनिवार तड़के भोपाल लाया गया और न्यायिक मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अनुदिता गुप्ता की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उसके वकील ने अदालत में उसका पासपोर्ट भी जमा कराया। ट्विशा शर्मा की मौत के बाद उसके पति समर्थ सिंह तथा सास एवं पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया गया था।


वर्तमान में भोपाल जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह ने शनिवार को कहा कि वह अपना बयान दर्ज कराने को तैयार हैं। लेकिन भोपाल पुलिस ने अब तक उनसे संपर्क नहीं किया है। उन्होंने कहा कि घर के बाहर अव्यवस्थित स्थिति के कारण वह घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं। उनका इशारा मीडियाकर्मियों की मौजूदगी की ओर था।

हाई कोर्ट ने एक दिन पहले उनकी अग्रिम जमानत निरस्त करने की मांग वाली याचिकाओं पर नोटिस जारी कर उनसे 25 मई तक जवाब मांगा था। वहीं, दो दिन पहले भोपाल पुलिस ने बयान दर्ज कराने के लिए कथित तौर पर उपस्थित नहीं होने पर उन्हें तीसरा और अंतिम नोटिस जारी किया था।

उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को त्विषा शर्मा के माता-पिता की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली एम्स की विशेषज्ञ टीम से दूसरा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया था। इसके बाद एम्स दिल्ली ने दूसरा पोस्टमार्टम करने के लिए चार सीनियर डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड गठित किया। एम्स दिल्ली में फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने बोर्ड का गठन किया है।

ये भी पढ़ें- Twisha Sharma case breaking: ट्विशा शर्मा केस में सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान, 25 मई को होगी सुनवाई

गुप्ता ने बताया कि टीम शाम में राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल जाएगी। अधिकारियों का हवाला देते हुए न्यूज एजेंसी PTI ने बताया कि 33 वर्षीय शर्मा का शव इस समय भोपाल स्थित AIIMS के मुर्दाघर में रखा है। इस मामले में शुक्रवार को तब बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने AIIMS, दिल्ली की एक विशेष टीम द्वारा दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने का निर्देश दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।