Twisha Sharma Death: ट्विशा शर्मा केस के गवाह के साथ मारपीट! समर्थ के दोस्तों पर आरोप

Twisha Sharma Death Case: भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ब्यूटी पार्लर चलाने वाले नीरज दुबे ने दावा किया कि 30 मई को चार से पांच लोगों ने उन पर हमला किया। उनका आरोप है कि हमलावरों ने उनसे ट्विशा शर्मा मामले में गवाह के तौर पर उनकी भूमिका को लेकर सवाल किए और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की

अपडेटेड Jun 01, 2026 पर 9:30 PM
Story continues below Advertisement
Twisha Sharma Death Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा केस में सोमवार को एक बड़ी जानकारी सामने आई है।

Twisha Sharma Death Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा केस में सोमवार को एक बड़ी जानकारी सामने आई है। इस बार केस से जुड़े एक गवाह को धमकाने का मामला सामने आया है। ट्विशा की ससुराल के पास पार्लर चलाने वाले नीरज दुबे का दावा है कि वह ट्विशा केस में गवाह है। उसने आरोप लगाया कि केस के मुख्य आरोपी समर्थ सिंह के दोस्तों ने उसके साथ बीच सड़क पर मारपीट की है। सीसीटीवी में कैद हुई इस वारदात के बाद कटारा हिल्स पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

केस से जुड़े गवाह ने किया बड़ा दावा 

भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ब्यूटी पार्लर चलाने वाले नीरज दुबे ने दावा किया कि 30 मई को चार से पांच लोगों ने उन पर हमला किया। उनका आरोप है कि हमलावरों ने उनसे ट्विशा शर्मा मामले में गवाह के तौर पर उनकी भूमिका को लेकर सवाल किए और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की। नीरज दुबे का कहना है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है उन्होंने बताया कि ट्विशा शर्मा की मौत के बाद जब पुलिस ने पंचनामा तैयार किया था, तब उन्हें गवाह के रूप में शामिल किया गया था। इसी वजह से वह जांच से जुड़े महत्वपूर्ण गवाहों में से एक हैं।


नीरज दुबे का आरोप है कि 30 मई को चार से पांच लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। उनके अनुसार, उन लोगों ने उनसे पूछा कि वह ट्विशा शर्मा मौत मामले में गवाही क्यों दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पूछताछ के बाद उन लोगों ने उन पर हमला किया और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में संदीप भट्टाचार्य नाम का व्यक्ति भी शामिल था।

पुलिस से कार्रवाई की मांग

नीरज दुबे का कहना है कि यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने बताया कि यह घटना उनके 'सांची पार्लर' के पास हुई, जो कटारा हिल्स इलाके में गिरिबाला सिंह के घर के नजदीक स्थित है। नीरज दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में गवाह बनाए जाने के बाद से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।

CBI कर रही मामले की जांच

ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) अब मामले के नए पहलुओं की पड़ताल कर रही है। वहीं इस मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले का दोबारा परीक्षण किया। जांच एजेंसी ने एक डमी (पुतले) की मदद से पूर्व मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़ी परिस्थितियों को फिर से समझने की कोशिश की। ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, सीबीआई की टीम फोरेंसिक और अपराध स्थल विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह को भी घर लाया गया। दोनों फिलहाल सीबीआई की हिरासत में हैं। एजेंसी ने उनकी मौजूदगी में घटनास्थल का पुनर्निर्माण कर मामले की सच्चाई जानने की कोशिश की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।