Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पंडोह-तकोली सेक्शन के NH-03 पर देवड़ और हनोगी की दो प्रमुख सुरंगों को 11 सितंबर 2026 से ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। इससे कुल्लू-मनाली और आगे लेह-लद्दाख की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट के तहत 2.8 किलोमीटर लंबी देवड़ टनल (T4-01) और 650 मीटर लंबी हनोगी टनल (T4-02) तैयार की गई हैं। ये दोनों सुरंगें इस मार्ग के दो बेहद महत्वपूर्ण जाम वाले हिस्सों को खत्म करने में मदद करेंगी।
इन दोनों टनल के शुरू होने के बाद प्रभावित सड़क का हिस्सा 6 किलोमीटर से घटकर करीब 3.5 किलोमीटर रह जाएगा। इससे जोगनी माता मंदिर, देवड़ और हनोगी के पास लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी। खासकर टूरिस्ट सीजन में इन जगहों पर लोगों को 1 से 2 घंटे या उससे भी ज्यादा समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
ये टनल NH-21 के एंड ऑफ पंडोह बाईपास-टकोली सेक्शन के ₹4,465.94 करोड़ के 4-लेन प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। 18.908 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मोड (HAM) के तहत किया जा रहा है। सड़क पर ट्रैफिक बेहतर होने के बाद सामान्य परिस्थितियों में मंडी से कुल्लू का सफर करीब 2 घंटे से घटकर लगभग 60 मिनट रह जाएगा।
नितिन गडकरी ने X पर पोस्ट कर दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, " माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में, हम हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए सुरक्षित, तेज और ज्या भरोसेमंद कनेक्टिविटी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
बता दें कि केंद्र सरकार के इस प्रोजेक्ट से हिमाचल प्रदेश में ट्रैफिक व्यवस्था अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम होने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय लोगों की आवाजाही को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।