Uday Bhanu Chib Arrest: यूथ कांग्रेस चीफ उदय भानु चिब को 4 दिन की पुलिस कस्टडी, राहुल गांधी ने बताया 'बब्बर शेर'

Uday Bhanu Chib Arrest: दिल्ली पुलिस ने पिछले सप्ताह राजधानी में आयोजित 'AI इम्पैक्ट समिट' में भारतीय युवा कांग्रेस के सदस्यों के एक समूह द्वारा कमीज उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन के संबंध में संगठन के अध्यक्ष उदय भानु चिब को मुख्य साजिशकर्ता करार देते हुए गिरफ्तार कर लिया है

अपडेटेड Feb 24, 2026 पर 4:10 PM
Story continues below Advertisement
AI Summit Protest: इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया गया है

Uday Bhanu Chib Arrest: दिल्ली की एक अदालत ने 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट' में शर्टलेस विरोध प्रदर्शन के मामले में मंगलवार (24 फरवरी) को गिरफ्तार किए गए इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के अध्यक्ष उदय भानु चिब को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि ने एआई समिट में विरोध प्रदर्शन में चिब की भूमिका के बारे में पूछताछ करने के लिए पुलिस को चार दिन की हिरासत की अनुमति दी।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने बीते शुक्रवार को सम्मेलन स्थल के हॉल नंबर 5 के अंदर कमीज उतारकर प्रदर्शन किया था। कांग्रेंस कार्यकर्ताओं ने सरकार तथा भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ नारे छपी हुई टी-शर्ट हाथ में लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया।

आरोपी पक्ष ने अभियोजन पक्ष की रिमांड याचिका का विरोध किया। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि कोई दंगे जैसी स्थिति बनी थी। उन्होंने हिरासत में लेकर टी-शर्ट बरामद करने की आवश्यकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदर्शन में शामिल लोग निहत्थे थे। उन्हें वहां पीटा गया था। आरोपी ने इसे आलोचना का साधारण मामला बताते हुए सवाल किया, "क्या हम आलोचना भी नहीं झेल सकते?"


उन्होंने तर्क दिया कि पुलिस पर हमला करने या देश की संप्रभुता को खतरे में डालने का कोई इरादा नहीं था। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के वकील ने यह दलील दी कि उनके मुवक्किल घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। उनसे पहले ही पूछताछ की जा चुकी है। उन्होंने रिमांड याचिका को तुच्छ और अप्रासंगिक बताया। साथ ही, उन्होंने अभियोजन पक्ष से प्रथम दृष्टया कोई साजिश का सबूत पेश करने के लिए कहा।

सरकारी अभियोजक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने प्रतिवाद करते हुए कहा कि आरोपी घटनास्थल पर खुद मौजूद नहीं थे। लेकिन प्रत्येक चीज पर वह निगरानी कर रहे थे। पुलिस के वकील ने दावा किया कि वह ही इस घटना के मास्टरमाइंड थे। उन्होंने कहा कि इसकी पर्याप्त जानकारी थी कि इस कृत्य से दंगे जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उन (चिब) पर अतिरिक्त जिम्मेदारी है।

राहुल गांधी ने बताया 'बब्बर शेर'

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण करार दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है। राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया, "शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने कम्प्रोमाइज्ड पीएम (समझौता कर चुके प्रधानमंत्री) के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते में देश के हितों से समझौता किया गया है। साथ ही कहा कि यह समझौता किसानों और कपड़ा उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा भारत के डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा।

ये भी पढ़ें- Uday Bhanu Chib Arrest: कौन हैं यूथ कांग्रेस चीफ उदय भानु चिब? AI समिट शर्टलेस प्रोटेस्ट मामले में दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

राहुल गांधी ने आगे कहा, "इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है।" कांग्रेस नेता ने कहा, "कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है, डरो मत - सच और संविधान हमारे साथ हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।