UP IMD Heat wave alert: भट्टी की तरह तप रहा प्रयागराज! पूरे यूपी में 22-23 अप्रैल के लिए IMD ने जारी किया ये अलर्ट

UP IMD Heat wave alert: उत्तर प्रदेश में अप्रैल के महीने में ही भीषण गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। लखनऊ मौसम केंद्र द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रयागराज (इलाहाबाद) यूपी का सबसे गर्म शहर है। यहां सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक मैक्सिमम तापमान दर्ज किया गया है

अपडेटेड Apr 21, 2026 पर 2:30 PM
Story continues below Advertisement
UP IMD Heat wave alert: आईएमडी चीफ मृत्युंजय महापात्र ने उत्तर प्रदेश के लिए गंभीर चेतावनी दी है

UP IMD Heat wave alert: उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी का सितम तेज होता जा रहा है। संगम नगरी प्रयागराज इस समय किसी भट्टी की तरह तप रही है। यहां पिछले 24 घंटे के दौरान पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार निकल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ आंचलिक केंद्र ने 22 और 23 अप्रैल के लिए प्रदेश के पूर्वी हिस्से से लेकर पश्चिमी हिस्से तक में लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं, IMD चीफ मृत्युंजय महापात्र ने भी उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के राज्यों के लिए गंभीर चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश में अप्रैल के महीने में ही भीषण गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। लखनऊ मौसम केंद्र द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रयागराज (इलाहाबाद) यूपी का सबसे गर्म शहर है। यहां सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक मैक्सिमम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 48 घंटे (22 और 23 अप्रैल) यूपी की जनता के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं।

यूपी के सबसे गर्म शहरों की लिस्ट: प्रयागराज और वाराणसी बेहाल


आंचलिक मौसम केंद्र के हालिया ऑब्जर्वेशन के मुताबिक, प्रदेश के कई जिलों में पारा 43 डिग्री के ऊपर बना हुआ है:-

प्रयागराज: 44.4°C (यूपी में सबसे अधिक)

वाराणसी (BHU): 44.0°C

सुल्तानपुर: 43.3°C

बहराइच: 42.2°C (कुछ क्षेत्रों में 44°C के करीब)

झांसी: 42.6°C

लखनऊ: 41.6°C तक (सामान्य से 3 डिग्री अधिक)

लखनऊ मौसम केंद्र का टेंप्रेचर मैप यहां नीचे देखिए

22 और 23 अप्रैल के लिए IMD का 'प्रिडिक्शन'

लखनऊ मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के दोनों हिस्सों में स्थिति गंभीर रहेगी।

  • पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 22 और 23 अप्रैल को मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। विभाग ने छिटपुट स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई है।
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश: यहां स्थिति और भी खराब हो सकती है। 22 और 23 अप्रैल को मौसम शुष्क रहने के साथ ही कई स्थानों पर प्रचंड लू चलने का अनुमान है।

IMD चीफ की वॉर्निंग: यूपी में 44 डिग्री तापमान सामान्य बात होगी

न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने उत्तर प्रदेश को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है। उन्होंने कहा कि इस साल गंगा के मैदानी इलाकों (Indo-Gangetic plains) में सामान्य से अधिक दिनों तक हीटवेव चलने की आशंका है।

IMD चीफ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों में मई के करीब तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाना सामान्य होता है। लेकिन इस बार हीटवेव के दिनों की संख्या ज्यादा होगी। उन्होंने बताया कि रिक्शा चालकों, स्ट्रीट वेंडरों और खेतिहर मजदूरों जैसे कमजोर वर्ग तक जानकारी पहुंचाने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप और डिस्प्ले बोर्ड का सहारा लिया जा रहा है।

क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?

IMD चीफ के अनुसार, अप्रैल, मई और मानसून आने से ठीक पहले यानी जून की शुरुआत में हर साल उच्च तापमान की उम्मीद की जाती है। इस वर्ष विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, दक्षिण राजस्थान और महाराष्ट्र के उत्तरी हिस्सों में हीटवेव की स्थिति गंभीर रहने वाली है। मौसम विभाग अब हर गुरुवार को अगले चार हफ्तों का 'एक्सटेंडेड रेंज आउटलुक' भी जारी कर रहा है ताकि लोग पहले से सतर्क रह सकें।

हीटवेव से बचाव के लिए ये करें

दोपहर 12 से 4 बजे तक: घर के अंदर रहने की कोशिश करें।

पानी का सेवन: प्यास न लगने पर भी पानी पीते रहें।

अलर्ट रहें: मोबाइल पर मौसम विभाग के अलर्ट और स्थानीय समाचारों पर नजर रखें।

ये भी पढ़ें- IMD Thunderstorm & Heat wave alert: 21 से 25 अप्रैल तक यहां आंधी-तूफान! उधर यूपी समेत इन इलाकों में हीटवेव का अलर्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।