BSP विधायक उमाशंकर सिंह के समर्थन में उतरे योगी सरकार के मंत्री, I-T रेड की टाइमिंग पर उठाए सवाल
I-T Raids Row: इनकम टैक्स (I-T) डिपार्टमेंट ने बुधवार (25 फरवरी) को उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के अकेले विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ और बलिया घरों पर छापेमारी की। इस पर BJP नेता और यूपी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कार्रवाई की टाइमिंग पर सवाल उठाया। इससे यूपी की सियासत में नया मोड़ आ गया है
BSP के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है
I-T Raids Row: आयकर विभाग (I-T) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के एकमात्र विधायक उमा शंकर सिंह के लखनऊ और बलिया स्थित घर पर बुधवार (25 फरवरी) को छापेमारी की। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने कहा कि उमाशंकर सिंह जबसे बसपा में आए हैं उन्होंने पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से अपनी जिम्मेवारी निभाई है। वहीं, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी छापेमारी का विरोध किया है। इतना ही नहीं, BSP विधायक उमाशंकर सिंह के समर्थन में योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भी उमाशकंर का समर्थन किया है।
दिनेश प्रताप सिंह ने कार्रवाई की टाइमिंग पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि नेताओं के साथ-साथ इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों को भी पता था कि विधायक दो साल से ज्यादा समय से गंभीर हेल्थ प्रॉब्लम से जूझ रहे हैं।
मायावती भड़कीं
अपनी पार्टी के इकलौते विधायक के बारे में मायावती ने X पर पोस्ट किया, "बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह जबसे पार्टी में आए हैं उन्होंने पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से अपनी जिम्मेवारी निभाई है। आजतक इनके क्षेत्र से इनके बारे में किसी भी प्रकार की अवैध तरीके़ से सम्पत्ति अर्जित करने या अन्य कोई भी गलत कार्य करने की शिकायत नहीं आई है।"
BSP प्रमुख ने आगे कहा, "हालांकि पिछले लगभग दो वर्षों से वह काफी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। ऐसी स्थिति में आयकर विभाग को अगर इनके संबंध में कोई शिकायत मिली थी तो वह इनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर इनके ठीक हो जाने के उपरान्त इनसे पूछताछ कर सकता था।"
मायवती ने कहा, "हम कोई इस विभाग के कार्य में दखल नहीं दे रहे हैं, लेकिन आज जिस तरह से इन पर अति-गंभीर बीमारी के दौरान कार्रवाई की गयी है वह अति-दुर्भाग्यपूर्ण है और मानवता के खिलाफ है।"
अखिलेश यादव ने भी किया विरोध
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से उन्नाव में जब पत्रकारों ने BSP विधायक उमाशंकर सिंह के घर पड़े आयकर छापे के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, "उनके यहां (उमाशंकर) छापा इसलिए पड़ा है क्योंकि कुछ लोग (संभवत उनका इशारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर था) जापान गए हैं। अगर वे जापान न गए होते तो शायद यह छापा न पड़ा होता। पुलिस को पता लग जाता और पुलिस लीक कर देती।"
यादव ने मजाकिया अंदाज में कहा, "सरकार के लोग जापान चले गये, इसलिये छापा पड़ गया।" उन्होंने कहा, "सवाल यह नहीं है कि BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर के यहां छापा पड़ा है। BJP का कोई होता है तो उसके यहां छापा नहीं पड़ता। BJP को खुश कर दो, कभी छापा नहीं पड़ेगा।" उन्होंने कहा कि BJP किसी की सगी नहीं है।
योगी सरकार के मंत्री ने भी जताई नाराजगी
इस बीच, BSP विधायक उमाशंकर सिंह के रिश्तेदार तथा BJP नेता और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री दिनेश सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए इस छापेमारी का विरोध किया है। मंत्री ने X पर पोस्ट किया, "आज आयकर विभाग बलिया जिले के रसड़ा से विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर छापेमारी कर रहा है, जिनके परिवार में हमारी रिश्तेदारी है।"
उन्होंने कहा कि राज्य और देश के नेताओं के साथ-साथ आयकर विभाग एवं सभी अधिकारियों को इस बात की जानकारी है कि विधायक पिछले दो वर्षों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। BJP नेता ने कहा, "दो साल से अधिक समय से वह जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं। मौजूदा परिस्थितियों में उनका सारा समय एवं धन उन्हें बचाने में खर्च हो रहा है न कि कुछ अर्जित करने में। उनके सभी कारोबार लगभग बंद हो गये हैं।"
उन्होंने कहा कि आज वह अपने ही आवास में क्वारंटीन में रह रहे हैं। वह विधानसभा सत्र में भी भाग नहीं ले सके हैं। दिनेश सिंह ने कहा कि विधानसभा का सत्र एक विधायक के लिए महत्वपूर्ण होता है। लेकिन एक घंटे के लिए भी सदन में जाने की स्थिति में नहीं हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान उनके घर पर नर्स या डॉक्टर को भी जाने की अनुमति नहीं है। मंत्री ने कहा, "इस समय तो नर्स या डॉक्टर को भी उनके घर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। यदि उनके जीवन को कोई हानि होती हैं तो ये संवेदनहीन संस्थायें ही जिम्मेदार होंगी।"
सिंह ने कहा कि इस प्रकार की परिस्थितियों में दुर्लभतम अपराधों में भी माननीय न्यायालय दया के आधार पर याचिका स्वीकार कर दोष मुक्त कर देते हैं। मंत्री ने कहा, "लेकिन इस कठिन दौर में भी कौन संवदेनहीन राजनेता या संस्था हो सकती है, जो ऐसी परिस्थितियों में भी पीड़ा देने की सोच सकता है, प्रभु ऐसे लोगों और संस्थाओं को सदबुद्धि दें।"
कौन हैं उमाशंकर सिंह?
बलिया से मिली खबर के अनुसार BSP विधायक के बलिया जिले के खनवर गांव स्थित निवास पर आयकर विभाग के टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार आयकर विभाग का दल बुधवार को सुबह लगभग 10 बजे रसड़ा के बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के बलिया जिले के खनवर गांव स्थित निवास पर पहुंचा। छापेमारी के दौरान आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया गया है।
रसड़ा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक आलोक गुप्ता ने बताया कि आयकर विभाग की टीम द्वारा छापेमारी के मद्देनजर सुरक्षा के लिए पुलिस को तैनात किया गया है। सिंह पहली बार BSP के टिकट पर 2012 में रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गये थे। उन्होंने 2017 और 2022 में भी बसपा के टिकट पर विजय दर्ज किया। बुधवार की शाम तक छापेमारी जारी थी।
यूपी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के घर और संस्थानों पर छापेमारी पर अपने ही दल की केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने इसे बदले की कार्रवाई बताया और कहा कि ईश्वर उन राजनेताओं को सद्बुद्धि दे, जिन्होंने ऐसा करवाया। उनके बयान से ये भी संदेश जा रहा… pic.twitter.com/9lXsXtw4dJ
55 साल के सिंह बलिया जिले के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह तीन बार के विधायक हैं और इससे पहले निर्माण व्यवसाय से जुड़े थे। BSP विधायक उमाशंकर काफी समय से बीमार हैं। कई महीने पहले पार्टी प्रमुख मायावती भी राजधानी स्थित उनके घर पर उनका हाल चाल लेने गयी थीं।