उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने परिजनों के होश उड़ा दिए। पत्नी ने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पति आईआईटी से एमटेक है और मुंबई की एक कंपनी में ढाई लाख की सैलरी पर जॉब कर रहा है। बता दें कि, नवविवाहिता ने अपने पति की संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने के लिए जासूसी का सहारा लिया। शादी के एक साल बीत जाने के बाद भी पति द्वारा शारीरिक दूरी बनाए रखने से परेशान पत्नी ने घर में सीक्रेट कैमरे लगवाए, जिसके बाद जो हकीकत सामने आई, उसने महिला के पैरों तले जमीन खिसका दी।
दर्ज एफआईआर के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 85 और 351(2) के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया है। शिकायत दर्ज कराने वाली महिला की पहचान रूपाली गुप्ता के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उनकी शादी 19 फरवरी 2024 को मैनपुरी में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार एटा जिले के रहने वाले शिवम गुप्ता से हुई थी।
रूपाली का आरोप है कि उनके परिवार ने शादी में करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इसमें नकद, गहने और अन्य सामान शामिल थे। इसके बावजूद उनके पति संतुष्ट नहीं थे और दहेज में अतिरिक्त 50 लाख रुपये की मांग करते रहे। एफआईआर के मुताबिक, शिवम गुप्ता ने एमटेक की पढ़ाई की है और वह मुंबई में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर काम करता है। उसकी मासिक सैलरी करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई है। शिकायत में कहा गया है कि वह लगभग हर 15 दिन में घर आता था।
घर के हिडन कैमरे में दिखे कई पुरुष मित्र
महिला का आरोप है कि शादी के बाद उसके पति ने दहेज की मांग को लेकर लगातार उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसका पति उसके साथ वैवाहिक संबंध बनाने में रुचि नहीं दिखाता था, जिससे उसे उसके व्यवहार पर शक होने लगा। एफआईआर के अनुसार, अपने शक की सच्चाई जानने के लिए महिला ने किराए के फ्लैट में अलग-अलग जगह छिपे हुए कैमरे लगवाए। महिला का दावा है कि 21 जून 2025 को कैमरे की फुटेज देखने पर उसे पता चला कि उसका पति घर में दूसरे पुरुषों को बुलाता था और उनके साथ आपत्तिजनक तथा “अप्राकृतिक” हरकतें करता था। महिला ने कहा कि यह वीडियो देखने के बाद उसे गहरा मानसिक सदमा पहुंचा।
पुलिस के पास पहुंचा मामला
शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि जब उसने अपने पति से इस बारे में सवाल किया और कहा कि वह यह बात परिवार वालों को बताएगी, तो उसके पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला के मुताबिक, पति ने कहा था कि अगर उसने किसी को भी इस मामले के बारे में बताया, तो वह उसे मार देगा। डर की वजह से वह तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवा सकी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह पहली बार पुलिस थाने पहुंची, तब उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। बाद में उसने वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत दी, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आगे की जांच के लिए यह केस एक सब-इंस्पेक्टर को सौंपा गया है। अधिकारियों का कहना है कि कथित वीडियो फुटेज समेत सभी सबूतों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।