Video: गीजर के अंदर 5 करोड़ का गांजा... Weed की ये अजब तस्करी गजब तरीके से पकड़ी गई

IGI Airport: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर कस्टम अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों ने कुआलालंपुर से आए यात्रियों के पास से करीब 15.38 किलो संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया है।

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 1:40 PM
दिल्ली एयरपोर्ट पर ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, दो यात्री गिरफ्तार

IGI Airport: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर कस्टम अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों ने कुआलालंपुर से आए यात्रियों के पास से करीब 15.38 किलो संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 5.38 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह नशीला पदार्थ दो गीजरों के अंदर छिपाकर लाया गया था, जिसे जांच के दौरान पकड़ा गया। इस घटना की जानकारी जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी।

बता दें कि हाइड्रोपोनिक वीड (Hydroponic weed), भांग की एक उच्च क्षमता वाली किस्म है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है।

दो यात्रियों को एयरपोर्ट पर रोका गया


आधिकारिक बयान के अनुसार, 7 जून को प्रोफाइलिंग और खास जानकारी के आधार पर कुआलालंपुर से फ्लाइट D7-182 से आए दो यात्रियों को ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोक लिया गया।

बयान में कहा गया है कि जांच के दौरान, कस्टम अधिकारियों ने देखा कि यात्री अपने चेक-इन बैगेज के अलावा दो बिल्कुल नए गीजर भी ले जा रहे थे। इस दौरान जब अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की और उनके मोबाइल की जांच की तब उनका शक गीजर को लेकर गहरा गया

गीजर में छिपाया गया था मादक पदार्थ

इसके बाद, जब चेकिंग के लिए गीजर को एक्स रे मशीन में डाला गया तो उसके अंदर कुछ संदिग्ध चीजें दिखीं। तुरंत ही अधिकारियों द्वारा गीजर को पूरी तरह खोला गया, तो कस्टम अधिकारियों ने गीजर के अंदर से 145 वैक्यूम-सील पैकेट बरामद किए। इन पैकेटों में हरे पत्तों जैसा पदार्थ मिला, जो हाइड्रोपोनिक गांजा होने का शक है।

5.38 करोड़ रुपये है नशीले पदार्थ की कीमत

बयान के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 15.38 किलो था और इसकी अवैध बाजार में कीमत लगभग 5.38 करोड़ रुपये आंकी गई है।

फिलहाल, NDPS एक्ट, 1985 के तहत मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों ही यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नशीला पदार्थ कहां से आया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी किसी बड़े ड्रग तस्करी गिरोह से जुड़े हुए थे।

यह भी पढ़ें: Mobile Internet Shutdown in Jaipur: जयपुर में रात 12 बजे तक इंटरनेट सस्पेंड, नूरानी मस्जिद गिराई गई, अतिक्रमण पर हो रहा ये ऐक्शन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।