Visakhapatnam: विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, पिघला स्टील गिरने से 8 लोगों की मौत

बताया जा रहा है कि यह हादसा प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप (SMS)-2 और SMS-3 सेक्शन में हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और तुरंत आपातकालीन बचाव अभियान शुरू किया गया शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में कम से कम आठ कर्मचारियों की मौत हो गई है। वहीं कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 6:31 PM
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम सोमवार को भयावह हादसा हो गया है।

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम सोमवार को भयावह हादसा हो गया है। बता दें कि, ये हादसा विशाखापत्तनम के स्टील प्लांट में हुआ है। जानकारी के अनुसार, पिघला हुआ स्टील ले जा रही एक बड़ी बकेट को ऊपर उठाते समय वह अचानक गिर गई। इसके बाद अत्यधिक गर्म धातु चारों ओर फैल गई, जिससे कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका है।

आठ मजदूरों की हुई मौत

बताया जा रहा है कि यह हादसा प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप (SMS)-2 और SMS-3 सेक्शन में हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और तुरंत आपातकालीन बचाव अभियान शुरू किया गया शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में कम से कम आठ कर्मचारियों की मौत हो गई है। वहीं कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।


जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन 

विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में यह हादसा उस समय हुआ, जब पिघला हुआ स्टील ले जा रही एक बड़ी बकेट को उठाया जा रहा था। इसी दौरान बकेट अचानक गिर गई, जिससे बड़ी मात्रा में गर्म और पिघला हुआ स्टील कार्यस्थल पर फैल गया। वहां मौजूद कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए, जिसके कारण कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दल और प्लांट के सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया तथा घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने हादसे से हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि आखिर पिघला हुआ स्टील ले जा रही बकेट कैसे और किन कारणों से गिर गई।

मुख्यमंत्री ने दिए ये आदेश 

वहीं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए हादसे पर गहरा दुख जताया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर पूरे मामले की समीक्षा की और हालात की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने हादसे में कर्मचारियों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई। अधिकारियों ने उन्हें घटना की मौजूदा स्थिति और मौके पर चल रहे बचाव व राहत कार्यों की जानकारी दी।

चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि बचाव और राहत अभियान तेजी से और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। उन्होंने प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

खबर अपडेट हो रही है....

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।