Putin India Visit: भारत में पुतिन 28 घंटे के दौरान क्या-क्या करेंगे? दिल्ली पहुंचने से लेकर रात्रिभोज तक... जानें- रूसी राष्ट्रपति का पूरा शेड्यूल

Putin India Visit: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के गुरुवार शाम लगभग 6:35 बजे नई दिल्ली पहुंचने की संभावना है। इसके कुछ घंटे बाद प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। पिछले साल जुलाई में पुतिन ने रूस की यात्रा पर गए पीएम मोदी का इसी प्रकार भव्य स्वागत किया था। पुतिन भारत में करीब 28 घंटे रहेंगे

अपडेटेड Dec 04, 2025 पर 5:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज शाम 6:35 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे

Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत की दो दिवसीय यात्रा के तहत गुरुवार (4 दिसंबर) को नई दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सम्मान में गुरुवार रात एक निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। रूसी राष्ट्रपति के गुरुवार शाम लगभग 6:35 बजे नई दिल्ली पहुंचने की संभावना है। इसके कुछ घंटे बाद प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। पिछले साल जुलाई में पुतिन ने रूस की यात्रा पर गए पीएम मोदी का इसी प्रकार भव्य स्वागत किया था। पुतिन भारत में करीब 28 घंटे रहेंगे।

पुतिन का ऑफिशियल शेड्यूल शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मीटिंग के साथ शुरू होगा। वहां से उनके महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट जाने की उम्मीद है। हैदराबाद हाउस जाने से पहले वह वहां लगभग 30 मिनट बिताने की संभावना है। पीएम मोदी शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे हैदराबाद हाउस में राष्ट्रपति पुतिन के लिए लंच होस्ट करेंगे।

पुतिन की इस यात्रा का व्यापक उद्देश्य खासकर ऐसे समय में भारत-रूस सामरिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना है, जब भारत के अमेरिका के साथ संबंधों में तीव्र गिरावट आई है। शुक्रवार को होने वाली शिखर वार्ता में रक्षा सहयोग को बढ़ाने, द्विपक्षीय व्यापार को बाहरी दबावों से सुरक्षित रखने और छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर में संभावित सहयोग पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है। इस वार्ता पर पश्चिमी देशों की पैनी निगाह रहेगी।


लगभग 28 घंटे की यात्रा के बाद पुतिन शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे भारत से रवाना होंगे। शिखर वार्ता में भारत द्वारा रूसी कच्चे तेल की बड़ी मात्रा में खरीद के कारण बढ़ते व्यापार घाटे का मुद्दा उठाए जाने की संभावना है। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत का भारी टैरिफ लगाए जाने के बाद भारत-अमेरिका संबंध पिछले दो दशकों में संभवत: अपने सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं।

इस टैरिफ में रूसी कच्चे तेल की खरीद के कारण लगाया गया 25 प्रतिशत शुल्क भी शामिल है। शिखर बैठक में अमेरिकी प्रतिबंधों के भारत द्वारा रूस से कच्चे तेल की खरीद पर पड़ने वाले प्रभाव पर भी चर्चा होने की संभावना है। शिखर सम्मेलन में पुतिन द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को यूक्रेन संघर्ष समाप्त करने के लिए अमेरिका के प्रयासों से अवगत कराए जाने की भी संभावना है।

भारत लगातार कहता रहा है कि युद्ध खत्म करने का रास्ता केवल संवाद और कूटनीति से होकर गुजरता है। पीएम मोदी और पुतिन की बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इनमें भारतीय श्रमिकों के रूस में आवागमन को सुगम बनाने संबंधी एक समझौता और रक्षा सहयोग के व्यापक ढांचे के तहत साजो-सामान संबंधी सहयोग पर एक अन्य समझौता शामिल है।

ऐसा बताया जा रहा है कि फार्मा, कृषि, खाद्य उत्पादों और उपभोक्ता वस्तुओं के क्षेत्रों में रूस को भारतीय निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है, जब नयी दिल्ली रूस के पक्ष में बढ़ते व्यापार घाटे को लेकर चिंतित है। भारत द्वारा रूस से प्रतिवर्ष लगभग 65 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के सामान एवं सेवाएं खरीदी जाती हैं। जबकि रूस का भारत से आयात लगभग पांच अरब अमेरिकी डॉलर है।

Putin India Visit Live

भारत और रूस संबंधों के संपूर्ण आयाम की समीक्षा के लिए भारत के प्रधानमंत्री और रूस के राष्ट्रपति के बीच प्रतिवर्ष एक शिखर बैठक होती है। अब तक भारत और रूस में बारी-बारी से 22 वार्षिक शिखर बैठकें हो चुकी हैं। रूस के राष्ट्रपति ने आखिरी बार 2021 में नयी दिल्ली का दौरा किया था। पिछले साल जुलाई में प्रधानमंत्री मोदी वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए मॉस्को गए थे।

पुतिन का शेड्यूल

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज शाम 6:35 बजे भारत पहुंचेंगे।

कल शुक्रवार सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन में सेरेमोनियल रिसेप्शन होगा।

शुक्रवार सुबह 11:30 बजे राजघाट पर पुष्पांजलि अर्पित करने जाएंगे।

फिर सुबह 11:50 बजे प्रधानमंत्री मोदी से पुतिन की मुलाकात होगी।

जॉइंट प्रेस स्टेटमेंट 13:50 बजे जारी होगा।

इसके बाद PM मोदी दोपहर करीब 2 बजे हैदराबाद हाउस में राष्ट्रपति पुतिन के लिए लंच होस्ट करेंगे।

फिर बिजनेस इवेंट 15:40 बजे होगा।

शाम 7:00 बजे भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुतिन की मुलाकात होगी।

28 घंटे की यात्रा के बाद पुतिन शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे भारत से रवाना होंगे

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।