Weather Alert Today 16 June: IMD ने इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट दिया, 20+ राज्यों में थंडरस्टॉर्म, 80kmph स्पीड से आएगा डस्ट स्टॉर्म
Weather Alert Today 16 June: मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम से लेकर दक्षिण भारत के 20 से अधिक राज्यों में भीषण थंडरस्टॉर्म (गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान) और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है
Weather Alert Today 16 June: मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है
Weather Alert Today 16 June: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 16 जून के लिए देश के मौसम का का डिटेल्ड वेदर बुलेटिन जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की लगातार बढ़ती रफ्तार और सक्रिय चक्रवाती प्रणालियों (Cyclonic Circulations) के चलते देश के मौसम आज कई सारे आक्रामक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर-पश्चिम से लेकर दक्षिण भारत के 20 से अधिक राज्यों में भीषण थंडरस्टॉर्म (गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान) और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। जबकि पश्चिमी राजस्थान में 80 किमी/घंटे की तूफानी रफ्तार से विनाशकारी धूल भरी आंधी चलने की भी गंभीर चेतावनी दी गई है।
1. इन राज्यों/क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक मानसूनी हवाओं की सक्रियता के कारण आज कई राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार या भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। नीचे दिए गए राज्य के लोग इसे लेकर सचेत रहें:-
बिहार
केरल और माहे
असम और मेघालय
अरुणाचल प्रदेश
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 से 20 जून के दौरान अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 17 से 21 जून के बीच मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू होगा।
2. पश्चिमी राजस्थान में 80 Kmph का थंडरस्क्वाल और डस्ट स्टॉर्म
आज पश्चिमी राजस्थान के रेतीले और मैदानी इलाकों के लिए मौसम विभाग ने बेहद गंभीर चेतावनी जारी की है। इस क्षेत्र में गरज-चमक के साथ 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफानी हवाएं चलेंगी। इनके झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। तेज हवाओं के साथ बड़े पैमाने पर धूल भरी आंधी (डस्ट स्टॉर्म) चलने की संभावना है। इससे विजिबिलिटी पर काफी असर पड़ सकता है। पूर्वी राजस्थान में 17-18 जून को 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
3. दिल्ली-हरियाणा समेत 20+ राज्यों में थंडरस्टॉर्म और बिजली का खतरा
मौसम विभाग ने देश के एक बहुत बड़े हिस्से को थंडरस्टॉर्म की जद में रखा है। आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तूफानी हवाओं और आकाशीय बिजली के साथ इन राज्यों में मौसम बिगड़ेगा:-
उत्तर-पश्चिम भारत: दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख। (दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 18 से 20 जून के बीच आंधी का एक और दौर आएगा)।
पूर्वी और मध्य भारत: बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल (गंगीय और उप-हिमालयी क्षेत्र), मध्य प्रदेश (पूर्वी व पश्चिमी), छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र।
दक्षिण और पश्चिम भारत: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कोंकण और गोवा, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल।
तटीय कर्नाटक में 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी-पानी का अनुमान है। आंध्र प्रदेश में आज दिनभर तेज सतही हवाएं चलती रहेंगी।
4. पूर्वोत्तर के राज्यों में आकाशीय बिजली की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्यों में आज भारी गरज-चमक और अत्यधिक आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसके दायरे में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। मौसम विभाग ने इन पहाड़ी इलाकों के निवासियों को बिजली कड़कने के दौरान बेहद सावधान रहने को कहा है।
5. इन राज्यों में चलेगी लू
एक तरफ जहां आधा देश आंधी और बारिश की चपेट में है। वहीं कुछ इलाकों में आज भी सूरज की तपिश और उमस लोगों का दम निकालेगी। आज तेलंगाना और महाराष्ट्र के विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में भीषण लू चलने की स्थिति बनी रहेगी। विदर्भ में इसका असर कल (17 जून) भी रहेगा। ओडिशा के साथ-साथ महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के इलाकों में हवा में भारी नमी के कारण अत्यधिक उमस और चिपचिपी गर्मी परेशान करेगी। कोंकण और गोवा के तटीय इलाकों में आज रात के समय भी तापमान ऊंचा रहेगा। इससे रातें असहज और गर्म महसूस होंगी।
6. मछुआरों के लिए रेड अलर्ट: समंदर में जाने पर सख्त पाबंदी
आईएमडी ने 16 जून से 20 जून 2026 तक मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सख्त हिदायत दी है। सोमालिया तट, दक्षिण-पश्चिम व पश्चिम-मध्य अरब सागर, ओमान तट और उत्तर-पूर्वी अरब सागर में 45-55 किमी/घंटे की रफ्तार से चक्रवाती हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 65 किमी/घंटे तक जा सकती है। मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका तट, दक्षिण-पश्चिम व दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उत्तरी व दक्षिणी अंडमान सागर में 40-50 किमी/घंटे (झोंके 60 किमी/घंटे) की रफ्तार से समंदर बेहद अशांत रहेगा।
7. मानसून ट्रैकर: जानिए क्या है मानसून की मौजूदा स्थिति और अगली चाल?
दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) फिलहाल हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 से 5 दिनों के भीतर मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।
8. क्यों अचानक बदला देश का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के वायुमंडल में इस समय कई बड़े मौसमी सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं। ये आपस में टकरा रहे हैं। पंजाब से लेकर हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार तक फैले मैदानी इलाकों में एक सीजनल ट्रफ रेखा बनी हुई है। इस समय पूर्वी उत्तर प्रदेश (0.9 किमी ऊपर), मध्य असम (0.9 किमी ऊपर), दक्षिण मध्य महाराष्ट्र (5.8 किमी ऊपर) और दक्षिणी पंजाब (1.5 किमी ऊपर) के ऊपर अलग-अलग चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र बने हुए हैं।
उत्तरी पाकिस्तान से उठा पश्चिमी विक्षोभ इस समय दक्षिणी हिमाचल प्रदेश और उसके आसपास के आसमान में सक्रिय है। इसके ठीक बाद 18 जून से एक और नया और ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत की तरफ बढ़ रहा है। इससे 18 से 21 जून के बीच हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि भी हो सकती है।