कल का मौसम 23 जून: IMD ने बिहार समेत इन 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट दिया, दिल्ली-यूपी से झारखंड तक आंधी-तूफान

Weather Forecast for June 23: मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 23 जून को बिहार और असम समेत देश के 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश से लेकर झारखंड और दक्षिण भारत तक देश के 21 से अधिक राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में तेज आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और झंझावात का तांडव देखने को मिलेगा

अपडेटेड Jun 22, 2026 पर 5:30 PM
Weather Forecast for June 23: मौसम विभाग (IMD) ने 23 जून के लिए एक बड़ा और विस्तृत वेदर बुलेटिन जारी किया है

Tomorrow Weather Update (23 June 2026): दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार तेज होते ही देश के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 23 जून के लिए एक बड़ा और विस्तृत वेदर बुलेटिन जारी किया है। मानसून अब छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और बिहार के रास्ते आगे बढ़ रहा है। इससे कई राज्यों में भीषण बारिश का दौर शुरू होने वाला है। आईएमडी के मुताबिक 23 जून को बिहार और असम समेत देश के 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश से लेकर झारखंड और दक्षिण भारत तक देश के 21 से अधिक राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में तेज आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और झंझावात का तांडव देखने को मिलेगा।

आइए जानते हैं कल कैसा रहेगा आपके राज्य में मौसम का हाल:-


इन 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 23 जून देश के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। प्रभावित राज्यों को दो श्रेणियों में बांटा गया है-

भारी से बहुत भारी बारिश

असम और मेघालय में 23 जून को मानसून सबसे प्रचंड रूप में रहेगा, जहां कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा।

भारी बारिश का अलर्ट

देश के अन्य 12 राज्यों/क्षेत्रों में 23 जून को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है:-

बिहार और ओडिशा के कई जिलों में मानसून के आगे बढ़ने से भारी वर्षा होगी। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अनुमान है। कोंकण व गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी है। तटीय कर्नाटक, केरल व माहे और तेलंगाना में भी 23 जून को मानसून जमकर बरसेगा।

राजस्थान में 'महातूफान', दिल्ली से झारखंड तक 21 राज्यों में आंधी-पानी

मौसम विभाग के मुताबिक 23 जून को देश के एक बड़े हिस्से में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली का व्यापक असर देखने को मिलेगा।

राजस्थान में 60 किमी की रफ्तार से थंडरस्क्वाल: 23 जून को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से विनाशकारी थंडरस्क्वाल (तीव्र झंझावात) चलने की आशंका है, जिसके झोंके 70 किमी/घंटे तक पहुंच सकते हैं।

दिल्ली-NCR और मैदानी इलाके: हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में गरज-चमक और 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार वाली तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।

बिहार, झारखंड और यूपी: बिहार और झारखंड में भी कल 40-50 किमी/घंटे की तेज रफ्तार हवाओं और गरज-चमक के साथ धूलभरी आंधी चलेगी। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी ऐसा ही मौसम रहेगा।

इन राज्यों में भी आंधी का अलर्ट: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश (30-40 किमी/घंटे), मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात रीजन, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, महाराष्ट्र (मराठवाड़ा समेत), आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिल नाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक (आंतरिक हिस्सों में 30-40 किमी/घंटे की हवाएं) समेत कुल 21 राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने का कड़ा अलर्ट है।

यूपी और विदर्भ समेत इन इलाकों में अभी भी हीटवेव

एक तरफ जहां देश के आधे हिस्से में मानसून और आंधी-पानी की बौछारें राहत देंगी, वहीं कुछ इलाके अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 23 जून को भीषण से अत्यधिक भीषण लू का प्रकोप जारी रहेगा। इसके साथ ही यहां रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भी लू का सितम बना रहेगा। छत्तीसगढ़ में भी लू चलने की आशंका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।