कल का मौसम 10 जून IMD: इन 16 राज्यों में Heavy Rain का अलर्ट, राजस्थान से यूपी-बिहार तक यहां आएगा 50kmph स्पीड का आंधी-तूफान

एक तरफ कई राज्यों में झमाझम बारिश होगी, वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में कल भी सूरज की तपिश और लू का सितम जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी), पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगिट-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद के अलग-अलग पॉकेट्स में लू की स्थिति बनी रहेगी

अपडेटेड Jun 09, 2026 पर 6:19 PM
Weather Report 10 June: इन 16 राज्यों में Heavy Rain का अलर्ट, राजस्थान से यूपी-बिहार तक यहां आएगा 50kmph स्पीड का आंधी-तूफान (FILE PHOTO)

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 जून के लिए देश का ताजा वेदर बुलेटिन जारी कर दिया है। इसके मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह पूर्वोत्तर के बचे हुए हिस्सों, पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में पहुंच चुका है। अगले 4-5 दिनों के अंदर मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ और हिस्सों में दस्तक देने के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इस बीच 10 जून को देश के 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर से लेकर पूर्वी भारत तक 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाला आंधी-तूफान कहर ढा सकता है।

इन 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, 10 जून को देश के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की पूरी संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, तटीय कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसी तरह बिहार, केरल और माहे, कोंकण और गोवा, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक (उत्तरी और दक्षिणी हिस्सा), तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अलर्ट है।


बिहार और पश्चिम बंगाल में 50-60kmph की रफ्तार से आएगा तूफान

10 जून को कई राज्यों में तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान का दोहरा अटैक देखने को मिलेगा।

प्रचंड आंधी: बिहार और गांगेय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी और गंभीर तूफान आने की आशंका है। इसके साथ ही इन राज्यों में 10 से 12 जून के बीच भारी बारिश और आंधी का दौर बना रहेगा।

40-50 किमी/घंटे की आंधी: उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, कोंकण व गोवा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाड़ु और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी।

तेज सतही हवाएं: केरल व माहे, लक्षद्वीप और आंतरिक कर्नाटक के मैदानी इलाकों में बहुत तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है।

यूपी, दिल्ली-पंजाब में लू का प्रकोप जारी

एक तरफ कई राज्यों में झमाझम बारिश होगी, वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में कल भी सूरज की तपिश और लू का सितम जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी), पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगिट-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद के अलग-अलग पॉकेट्स में लू की स्थिति बनी रहेगी। ओडिशा के साथ-साथ कोंकण और गोवा में कल (10 जून) मौसम बेहद गर्म और उमस भरा रहेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।