मुंबई में शनिवार सुबह से कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। लगातार हो रही इस बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या देखने को मिल रही है। दक्षिण मुंबई के कोलाबा, मरीन लाइन्स, बायकुला, परेल, लालबाग, दादर और बांद्रा जैसे इलाकों में सुबह से ही जोरदार बारिश हो रही है। वहीं अंधेरी और बोरीवली में रुक-रुक कर बारिश जारी है।
प्री-मानसून से गर्मी से राहत
हालांकि बारिश के बावजूद मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। प्रशासन लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है। मुंबई में पिछले कुछ दिनों से प्री-मानसून बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे लोगों को तेज गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को भी शहर में हल्की बारिश और आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।
आईएमडी के अनुसार, रविवार को भी मुंबई के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शहर के माहिम, बॉम्बे सेंट्रल, पवई और अन्य इलाकों में बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुई है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के मुताबिक, बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे ही प्री-मानसून मौसम की संभावना बनी रहेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि रविावर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं शनिवार को बारिश से पहले आसमान में बादल छाए रहे, जिससे गर्मी और उमस बढ़ गई थी। हालांकि बारिश ने मौसम को थोड़ा राहत भरा बना दिया। लोगों ने बारिश का आनंद लेते हुए तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। अच्छी बात यह रही कि बारिश के बावजूद शहर की यातायात व्यवस्था पर खास असर नहीं पड़ा और आवाजाही सामान्य रही।
अगले 5 दिनों तक बारिश का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि आने वाले पांच दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि दक्षिण भारत के राज्यों – तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में अगले पांच दिनों तक लगातार बारिश, गरज और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। इसी तरह मध्य भारत में भी मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। अखिल श्रीवास्तव ने आगे बताया कि पूर्वोत्तर भारत – खासकर असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी अगले पांच दिनों तक बारिश होती रहेगी। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है, लेकिन कुछ इलाकों में लू चलने की भी चेतावनी दी गई है।