Weather News: दिल्ली-NCR पर सर्दी का कहर! शिमला से भी ज्यादा सर्द रातें, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

Weather News: IMD के 12 जनवरी को जारी बुलेटिन में बताया गया कि हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर तक की स्थिति बन सकती है। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, सौराष्ट्र और कच्छ तथा उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में सोमवार, 13 जनवरी को शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है

अपडेटेड Jan 12, 2026 पर 9:50 PM
Story continues below Advertisement
Winter Cold Wave: राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

Weather News : राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। वहीं मौसम विभाग की माने तो फिलहाल अभी इस ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए दिल्ली और आसपास के इलाकों समेत कई राज्यों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इसके चलते उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड बनी रहने की संभावना है।

IMD के 12 जनवरी को जारी बुलेटिन में बताया गया कि हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर तक की स्थिति बन सकती है। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, सौराष्ट्र और कच्छ तथा उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में सोमवार, 13 जनवरी को शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने और जरूरी एहतियात अपनाने की सलाह दी है।

शिमला से भी ज्यादा ठंडे मैदानी इलाके


इस बार हैरानी की बात यह है कि दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे मैदानी इलाकों में ठंड, शिमला जैसे पहाड़ी शहरों से भी ज्यादा महसूस की जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के सोमवार के पूर्वानुमान के अनुसार, शिमला में अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3 से 4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने शिमला और कुल्लू जैसे हिमाचल प्रदेश के जिलों के लिए फिलहाल पूरे हफ्ते कोई खास चेतावनी जारी नहीं की है। दूसरी ओर, दिल्ली में अगले दो दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है। इसके बाद के दो दिनों में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।

IMD ने घने कोहरे की चेतावनी जारी की

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि अगले छह दिनों में भारी बारिश या बर्फबारी की कोई बड़ी संभावना नहीं है, लेकिन घने कोहरे को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। IMD के अनुसार, सोमवार को उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में गुरुवार, 15 जनवरी तक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।