झारखंड में ठंड ने अब अपना पूरा असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रांची समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान तेजी से गिर रहा है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने लगी है। खासकर कांके, गुमला और मैकलुस्कीगंज जैसे इलाकों में सर्दी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह और शाम ठंडी हवाओं के चलते कंपकंपी महसूस की जा रही है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर झारखंड के मौसम पर भी साफ नजर आ रहा है। लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
ठंड का असर सिर्फ शहरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी सर्दी का प्रकोप ज्यादा देखा जा रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। मौसम के इस बदले मिजाज ने साफ संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में ठंड और तेज हो सकती है।
राज्य का सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री दर्ज किया गया। वहीं आज रविवार को कांके का न्यूनतम पारा 4.0 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया। कल शनिवार को कांके में ये 4.5 डिग्री था। सुबह और शाम शीतलहरी से कांके में जबरदस्त कनकनी महसूस हो रही है।
इस सर्दी के मौसम में पहली बार न्यूनतम तापमान गिरकर 9.4 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे पिछले चार साल का रिकॉर्ड टूट गया। वहीं अधिकतम तापमान में भी 0.7 डिग्री की गिरावट आई और ये 26.2 डिग्री पर पहुंच गया।
रांची समेत 11 जिलों में शीतलहर का असर
रांची, खूंटी, रामगढ़, गढ़वा, पलामू, लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला, चतरा, लातेहार और बोकारो शीतलहर की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने आज रविवार को 10 जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है।
उत्तर भारत की बर्फबारी का असर झारखंड तक
उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही ठंडी हवाओं की वजह से झारखंड के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। उत्तर दिशा से आ रही शुष्क और बर्फीली हवा ने ठंड को और तेज कर दिया है।
बोकारो और मेदिनीनगर में भी तेज गिरावट
बोकारो में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री कम है। वहीं मेदिनीनगर का तापमान 6.1 डिग्री रहा, जो औसत से 4.3 डिग्री नीचे है।
चाईबासा रहा सबसे गर्म जिला
राज्य में चाईबासा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि ठंड का असर यहां भी सुबह और शाम साफ दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आज रविवार को राज्य में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि कल से मौसम साफ होने की संभावना है, लेकिन ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले चार दिनों तक ठंड इसी तरह बनी रह सकती है।