राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते दिन हुए बारिश के बाद दिल्ली में ठंड से लोगों का और बुरा हाल है। कहीं दिन-रात जलते अलाव ठंड से जूझने की कहानी बयां कर रहे हैं, तो कहीं मोटे जैकेट और कंबल सर्द हवाओं के सामने ढाल बनकर लोगों को ठिठुरन से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के बड़े हिस्सों में ठंड का असर बना रहेगा। रविवार सुबह तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
रविवार को होगा मौसम में बदलाव
हालांकि 11 जनवरी को मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन कई राज्यों में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। इसके चलते कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रह सकता है। पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में, खासकर सुबह के समय, शीतलहर और ठंडे दिन जैसी स्थिति बनी रहने की उम्मीद है।
इन राज्यों में बदल सकता है मौसम
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। यानी इन राज्यों में ठंड ज्यादा महसूस की जाएगी। रांची, पटना, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर और रीवा जैसे शहरों में ठंड का असर साफ दिख सकता है। वहीं जयपुर, अजमेर, जैसलमेर और बीकानेर में भी तापमान सामान्य से नीचे रहने की उम्मीद है। पंजाब और हरियाणा में ठंड का यही हाल बना रहेगा। वहीं दिल्ली में भी लोगों को ठंडी सुबह का सामना करना पड़ सकता है।
कोहरे का भी रहेगा असर
हालांकि कोहरे का असर ज़्यादा नहीं रहेगा। घना कोहरा सिर्फ पंजाब के कुछ इलाकों और राजस्थान के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में ही देखने को मिल सकता है। इनमें भरतपुर, कोटा, सवाई माधोपुर और अलवर जैसे इलाके शामिल हैं। मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, जैसे ग्वालियर और गुना, में भी कहीं-कहीं हल्का कोहरा दिखाई दे सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। अगर कहीं कोहरा बन भी जाता है, तो वह ज्यादा देर तक नहीं टिकेगा।
इस समय दक्षिण भारत का मौसम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक सिस्टम से प्रभावित है। यह सिस्टम दक्षिणी प्रायद्वीप से होते हुए पश्चिम की ओर अरब सागर की तरफ बढ़ रहा है। इसके कारण तमिलनाडु के तटीय इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, आंतरिक तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के दक्षिणी अंदरूनी हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है। इसमें बेंगलुरु और उसके आसपास के इलाके भी शामिल हैं। केरल के बड़े शहरों जैसे कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में भी दिनभर बादलों का असर बना रह सकता है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।