'बाइक से आए और प्वाइंट ब्लैंक रेंज से की फायरिंग', सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या मामले में चश्मदीद का बड़ा खुलासा

Chandranath Rath Murder: चश्मदीद ने बताया कि हमलावर पेशेवर लग रहे थे। हमला बुधवार रात 10:30 से 11 बजे के बीच हुआ। बाइक सवार गाड़ी के पास आए और प्वाइंट ब्लैंक रेंज से फायरिंग की। हमले में चंद्रनाथ की मौत हो गई, जबकि कार का ड्राइवर भी गोली लगने से घायल हुआ है। चश्मदीद के मुताबिक, हमलावर ने दो राउंड फायरिंग की और तुरंत मौके से फरार हो गया

अपडेटेड May 07, 2026 पर 7:47 AM
Story continues below Advertisement
सुवेंदु अधिकारी ने इसे 'सुनियोजित हत्या' करार देते हुए टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला है

Chandranath Rath Murder: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के महज 48 घंटों के भीतर राज्य में हिंसा का खौफनाक दौर शुरू हो गया है। बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे राज्य में सियासी तनाव पैदा कर दिया है। सुवेंदु अधिकारी ने इसे 'सुनियोजित हत्या' करार देते हुए टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

'रेकी के बाद हुई कोल्ड-ब्लडेड मर्डर'

मीडिया से बात करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ की गई हत्या है। सुवेंदु ने बताया कि डीजीपी के मुताबिक, हमलावरों ने दो से तीन दिनों तक चंद्रनाथ की रेकी की थी। उन्होंने कहा, 'यह पिछले 15 वर्षों के 'महाजंगलराज' का परिणाम है। बीजेपी अब इन गुंडों का सफाया करने का काम शुरू करेगी।' उन्होंने कार्यकर्ताओं से कानून हाथ में न लेने की अपील की और आश्वासन दिया कि दोषियों को सजा जरूर मिलेगी।


चश्मदीद ने क्या-क्या बताया?

एक चश्मदीद ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि हमलावर पेशेवर लग रहे थे। हमला बुधवार रात 10:30 से 11 बजे के बीच हुआ। बाइक सवार गाड़ी के पास आए और प्वाइंट ब्लैंक रेंज से फायरिंग की। हमले में चंद्रनाथ की मौत हो गई, जबकि कार का ड्राइवर भी गोली लगने से घायल हुआ है। चश्मदीद के मुताबिक, हमलावर ने दो राउंड फायरिंग की और तुरंत मौके से फरार हो गया।

भवानीपुर में ममता की हार का बदला?

बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने इस हत्या के पीछे राजनीतिक साजिश की आशंका जताई है। पॉल ने आरोप लगाया कि यह शायद भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार का नतीजा है। उन्होंने दावा किया कि चंद्रनाथ का किसी राजनीतिक विवाद से संबंध नहीं था, फिर भी उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि एक अन्य बूथ कार्यकर्ता पर भी चाकू से हमला किया गया है।

'सरकार बनते ही सब ठीक होगा': सुकंत मजूमदार

केंद्रीय मंत्री सुकंत मजूमदार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पुलिस जांच पर संतोष जताया। उन्होंने कहा, 'डीजीपी ने बताया है कि जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जैसे ही हमारे मुख्यमंत्री शपथ लेंगे और हमारी सरकार सत्ता संभालेगी, सब कुछ ठीक कर दिया जाएगा। हालांकि इसमें थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।'

TMC ने कहा?

इस पूरे मामले में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। आरोपों को खारिज करते हुए टीएमसी ने इस मामले की CBI जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Suvendu Adhikari PA Murder:गाड़ी रुकवाकर बरसाईं गोलियां...बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।