Video: 'दोस्त ले गया था गाड़ी' गुरुग्राम में महिला राइडर को टक्कर मामले में आया नया मोड़, कार के मालिक ने बताई सच्चाई

Video Viral: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार ने कथित तौर पर टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे का वीडियो बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वहीं कार के मालिक ने कहा कि हादसे के समय वह गाड़ी नहीं चला रहा था, बल्कि उसकी कार एक दोस्त के पास थी

अपडेटेड Sep 14, 2026 पर 6:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सिया के मुताबिक वह कार से बचने के लिए लगातार बाइक चलाती रही

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने के मामले में गाड़ी के मालिक ने सफाई दी है। कार के मालिक ने बताया कि हादसे के समय वह खुद कार नहीं चला रहा था। उसने अपनी कार एक दोस्त को चलाने के लिए दी थी और घटना के समय कार उसके दोस्त के पास थी। बता दें, गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला स्पोर्ट्स बाइक राइडर को कथित तौर पर एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना का पूरा वीडियो महिला की बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

कार के मालिक ने क्या कहा

ANI से बात करते हुए कार के मालिक मनीष ने कहा कि, उसके दोस्त कल्याण सिंह ने दो दिन पहले उससे कार उधार ली थी। कल्याण ने कहा था कि उसे किसी काम से बाहर जाना है, इसलिए मनीष ने उसे गाड़ी दे दी थी। मनीष के मुताबिक, “यह मेरी गाड़ी है। मैं काम पर था। एक दोस्त ने मेरी कार उधार ली थी। कल्याण सिंह ने कहा था कि उसे कहीं जाना है। वह दो दिन पहले गाड़ी ले गया था। मुझे आज सुबह एक्सीडेंट के बारे में पता चला। मैंने उसे कॉल किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। मैंने अपने पिता और कुछ दूसरे लोगों को भी उसके घर भेजा। वह हरियाणा के पलवल जिले का रहने वाला है… मैं आर्मी में काम करता हूं।”


बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में कैद हुई घटना

सिया नाम की महिला रविवार को अपनी स्पोर्ट्स बाइक 'अप्रिलिया RS 457' से दोस्तों के साथ गुरुग्राम में राइडिंग कर रही थीं। इसी दौरान गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सिया ने सोशल मीडिया पर शेयर किए वीडियो में बताया कि हादसा अचानक हुआ था। उनकी बाइक पर लगा एक्शन कैमरा इस पूरी घटना को रिकॉर्ड कर रहा था। सिया ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि, गुरुग्राम में राइडिंग के दौरान एक कार उनके करीब आ गई थी।

 

उनके अनुसार, कार में बैठे लोग गुस्से में नजर आ रहे थे। सिया ने जब उनसे दूरी बनाए रखने को कहा, तो कथित तौर पर उन्होंने उन्हें बाइक रोकने के लिए कहा। सिया ने बताया कि कार में सवार लोग नशे में लग रहे थे। इसके कुछ देर बाद कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

बाइक को मारी टक्कर

सिया के मुताबिक, वह कार से बचने के लिए लगातार बाइक चलाती रही। सिया ने बताया कि, कार चालक ने उसका पीछा जारी रखा और बाइक के आगे गाड़ी लाकर उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान मारुति सुजुकी सियाज ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और फिर मौके से फरार हो गई। सिया के एक दोस्त ने कार का पीछा किया और ट्रैफिक सिग्नल पर उसे रोक लिया। वहां उसने ड्राइवर से हादसे को लेकर बात की, लेकिन आरोप है कि ड्राइवर ने अपनी गलती मानने से इनकार कर दिया और मौका मिलते ही कार लेकर वहां से चला गया।

सिया ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा: “मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन आज मुझे गुरुग्राम की सड़कों पर असुरक्षित महसूस हुआ। ऐसे लोग लोगों को टक्कर मारकर भागने से नहीं डरते।” उन्होंने गुरुग्राम पुलिस से उन ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी अपील की, जो सड़क पर दूसरे लोगों को खतरे में डालते हैं और एक्सीडेंट के बाद मौके से भाग जाते हैं।

Disha Salian Death Case: आदित्य ठाकरे से लेकर डिनो मोरिया और रिया चक्रवर्ती तक...दिशा सालियन मौत मामले में CBI की FIR में इन दिग्गजों के नाम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।