महिला ने प्रपोजल ठुकराया, तो युवक ने उसके 1 साल के बेटे की हत्या कर दी, फिर हुआ एनकाउंटर

पुलिस के मुताबिक, विराज की नजर रति नाम की महिला पर थी और वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन रति पहले से शादीशुदा थी और उसका डेढ़ साल का बेटा आरव था। विराज को लगता था कि आरव उनकी शादी के रास्ते की सबसे बड़ी रुकावट है

अपडेटेड May 31, 2026 पर 5:18 PM
Story continues below Advertisement
महिला ने प्रपोजल ठुकराया, तो युवक ने उसके 1 साल के बेटे की हत्या कर दी; फिर हुआ एनकाउंटर

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जितेंद्र पाठक उर्फ विराज के पैर में गोली लगी है। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह बच्चे की मां से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला अपने बेटे की वजह से शादी के लिए तैयार नहीं थी।

कैसे हुई वारदात?

पुलिस के मुताबिक, विराज की नजर रति नाम की महिला पर थी और वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन रति पहले से शादीशुदा थी और उसका डेढ़ साल का बेटा आरव था। विराज को लगता था कि आरव उनकी शादी के रास्ते की सबसे बड़ी रुकावट है।


शनिवार को वह आरव को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने बच्चे को जमीन पर पटक-पटक कर उसकी हत्या कर दी। जब तक परिवार को घटना की जानकारी मिली, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।

बच्चे की मां रति ने पुलिस को बताया कि विराज लगातार उस पर शादी का दबाव बना रहा था। घटना वाले दिन भी वह आरव को टॉफी दिलाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था।

इसके बाद आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

पुलिस को सूचना मिली कि विराज मैनपुरी रोड स्थित बुद्धा भरथरा चौराहे के पास छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी की।

पुलिस के अनुसार, झाड़ियों में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के पास से एक तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में क्या बोला आरोपी?

पूछताछ के दौरान विराज ने बताया कि वह रति से शादी करना चाहता था, लेकिन वह हर बार मना कर देती थी। रति का कहना था कि वह अपने बेटे के साथ है और शादी नहीं कर सकती। इसी बात से नाराज होकर उसने बच्चे की हत्या की साजिश बनाई।

पुलिस का क्या कहना है?

फिरोजाबाद के एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि मामले में तेजी से सबूत जुटाए जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश करेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।