WFH & Monday Metro: दिल्ली वालों के लिए CM रेखा गुप्ता के 11 बड़े ऐलान, सिर्फ वर्क फ्रॉम होम ही नहीं ये सब भी होगा
Delhi Work from Home: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली के लिए ये ऐलान किए हैं। सीएमने स्पष्ट किया कि ये कदम न सिर्फ फ्यूल बचाने के लिए बल्कि पर्यावरण और अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए भी जरूरी हैं। मंत्रियों और अधिकारियों के लिए मेट्रो मंडे अनिवार्य कर दिया गया है। यहां जानिए सीएम रेखा गुप्ता द्वारा किए गए 11 बड़े ऐलान
MoneyControl News
अपडेटेड May 14, 2026 पर 6:33 PM
WFH & Monday Metro: दिल्ली वालों के लिए CM रेखा गुप्ता के 11 बड़े ऐलान, सिर्फ वर्क फ्रॉम होम ही नहीं ये सब भी होगा
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ग्लोबल एनर्जी क्राइसिस के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के लिए कई फैसलों का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्यूल बचाने की अपील के बाद दिल्ली सरकार ने मेरा भारत, मेरा योगदान अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अब दिल्ली के सरकारी कर्मचारी सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम (WFH) करेंगे। मंत्रियों और अधिकारियों के लिए मेट्रो मंडे अनिवार्य कर दिया गया है। यहां जानिए सीएम रेखा गुप्ता द्वारा किए गए 11 बड़े ऐलान-
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली के लिए ये ऐलान किए हैं। सीएमने स्पष्ट किया कि ये कदम न सिर्फ फ्यूल बचाने के लिए बल्कि पर्यावरण और अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए भी जरूरी हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के 11 बड़े ऐलान
1. हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम (WFH)
दिल्ली सरकार के सभी कर्मचारी अब सप्ताह में दो दिन घर से काम (Remote Work) करेंगे। मुख्यमंत्री ने निजी कंपनियों से भी अपील की है कि वे अपनी सुविधानुसार सप्ताह में दो दिन WFH पॉलिसी लागू करें।
2. मेट्रो मंडे (Metro Monday)
हर सोमवार को दिल्ली सरकार के सभी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और स्टाफ सिर्फ मेट्रो से सफर करेंगे। सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल सोमवार को प्रतिबंधित रहेगा।
3. ऑफिस टाइमिंग में बड़ा बदलाव
भीड़भाड़ कम करने के लिए दिल्ली सरकार के दफ्तरों का समय अब सुबह 10:30 से शाम 7:00 बजे तक होगा। वहीं, नगर निगम (MCD) के दफ्तर सुबह 8:30 से शाम 5:00 बजे तक चलेंगे।
4. पेट्रोल भत्ते (Petrol Allowance) में 20% कटौती
अधिकारियों को मिलने वाले मासिक पेट्रोल भत्ते को 250 लीटर से घटाकर 200 लीटर (कुछ श्रेणियों के लिए 160 लीटर) कर दिया गया है। जो कर्मचारी पब्लिक ट्रांसपोर्ट चुनेंगे, उन्हें अतिरिक्त भत्ता मिलेगा।
5. नागरिकों के लिए 'नो व्हीकल डे'
सीएम ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे सप्ताह में एक दिन अपनी निजी गाड़ी घर पर छोड़कर सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और इसे 'नो व्हीकल डे' के रूप में मनाएं।
6. 50% बैठकें होंगी ऑनलाइन
यात्रा और ऊर्जा की खपत कम करने के लिए सरकार की 50% मीटिंग्स अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होंगी। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को भी ऑनलाइन मोड अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
7. नई गाड़ियों की खरीद पर रोक
अगले 6 महीनों तक दिल्ली सरकार का कोई भी विभाग नई गाड़ियां नहीं खरीदेगा। साथ ही, अगले एक साल तक मंत्रियों और अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
8. सरकारी आयोजनों पर रोक
अगले तीन महीनों तक दिल्ली सरकार का कोई भी बड़ा भव्य आयोजन या इवेंट आयोजित नहीं किया जाएगा।
9. एसी (AC) के लिए नया नियम
सरकारी दफ्तरों में एयर कंडीशनर का तापमान 24°C से 26°C के बीच फिक्स रहेगा। बिजली बर्बादी रोकने के लिए दफ्तरों में स्मार्ट स्विच लगाए जाएंगे।
10. लास्ट माइल कनेक्टिविटी और फीडर बसें
मेट्रो के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए सरकार उन 29 कॉलोनियों से विशेष फीडर बसें चलाएगी जहां सरकारी कर्मचारी बड़ी संख्या में रहते हैं।
11. CM ने खुद के काफिले में की 60% कटौती
मिसाल पेश करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने काफिले की गाड़ियां 60% कम कर दी हैं। अब उनके काफिले में केवल 4 वाहन होंगे, जिनमें से 2 इलेक्ट्रिक वाहन (EV) होंगे।
क्यों लिए गए ये फैसले?
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि मेरा भारत, मेरा योगदान अभियान का मुख्य उद्देश्य पेट्रोल और डीजल की खपत को कम करना है। दिल्ली की नई इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पॉलिसी भी अंतिम चरण में है और जल्द ही घोषित की जाएगी। न्यूज एजेंसी एएनआई (ANI) के मुताबिक सीएम ने कहा कि हमारे विभागों ने पहले ही ईंधन खर्च कम करना शुरू कर दिया है और सिर्फ न्यूनतम आवश्यक वाहनों का ही इस्तेमाल किया जा रहा है। आपको बता दें कि परिवहन विभाग और श्रम विभाग इन नियमों के पालन और क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे।