UP Weather Alert: नोएडा से मेरठ तक हुई बारिश, एक मई तक यूपी के 58 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में तपती गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच राहत की फुहारें बरसने लगी हैं। बुधवार को पश्चिमी यूपी के नोएडा, मेरठ और सहारनपुर जैसे जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

अपडेटेड Apr 29, 2026 पर 12:20 PM
Story continues below Advertisement
1 मई तक यूपी के 58 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में तपती गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच राहत की फुहारें बरसने लगी हैं। बुधवार को पश्चिमी यूपी के नोएडा, मेरठ और सहारनपुर जैसे जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते अब पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान के मुताबिक, मेरठ, मथुरा, सहारनपुर और संभल में भी ठंडी हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी ने मौसम सुहावना कर दिया है। यह राहत भरी स्थिति आने वाले 5 दिनों यानी 4 मई तक बरकरार रहने वाली है।

बांदा में गर्मी का रिकॉर्ड, फिर मिली राहत


पिछले कुछ दिनों से आग उगल रहे बुंदेलखंड के बांदा में मंगलवार को तापमान 45.6°C दर्ज किया गया। हालांकि, यह सोमवार के 47.4°C के मुकाबले कम था, फिर भी बांदा यूपी का सबसे गर्म शहर रहा। अब बुंदेलखंड सहित पूरे प्रदेश में बादलों के पहुंचने से पारे में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है।

अगले 48 घंटों के लिए इन जिलों में भारी अलर्ट

मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और बिजली गिरने (वज्रपात) को लेकर जिलों की विस्तृत सूची जारी की है:

1. आज और कल (29-30 अप्रैल) इन जिलों में मेघगर्जन का अलर्ट:

लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।

2. 30 अप्रैल से 1 मई के बीच आंधी और बारिश:

इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी। प्रभावित होने वाले प्रमुख जिले हैं:

प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), कन्नौज, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर। इन इलाकों में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक क्या बता रहे?

लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया है कि निम्न क्षोभमंडल में बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह बदलाव आया है। अगले कुछ दिनों तक धूप और बारिश का खेल चलेगा, जिससे गर्मी से तो राहत मिलेगी लेकिन नमी बढ़ने के कारण दिन में कुछ समय के लिए उमस महसूस हो सकती है।

मौसम विभाग ने मेघगर्जन के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। तेज आंधी के दौरान पेड़ों, जर्जर इमारतों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें।

यह भी पढ़ें: IMD Heavy Rain Alert Today: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, यूपी-बिहार समेत 13 राज्यों के लिए अलर्ट, 70kmph की रफ्तार से चलेगी आंधी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।